Mumbai Metro News: मुंबईकरों के लिए खुशखबरी, अंधेरी से विक्रोली सिर्फ 20 मिनट में! पिंक लाइन का रोड़ा हटा
Mumbai Metro News: मुंबई की बहुप्रतीक्षित मेट्रो लाइन-6 (पिंक लाइन) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने कंजुरमार्ग कार डिपो को लेकर जारी अनिश्चितता के बावजूद इस लाइन को 2026 के दूसरे हिस्से में शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए एक वैकल्पिक और अनोखा मेंटेनेंस प्लान तैयार किया गया है, जिससे डिपो की देरी मेट्रो संचालन में बाधा न बने। 2026 में ही इस लाइन को ऑपरेशनल करने की योजना है।
15.31 किलोमीटर लंबी यह पिंक लाइन अंधेरी (वेस्ट) के स्वामी समर्थ नगर को विक्रोली से जोड़ेगी। यह मुंबई को एक अहम पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी देगी, जिससे रोज़ाना लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस लाइन के शुरू होने से जोगेश्वरी, अंधेरी और घाटकोपर जैसे इलाकों में ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।

Mumbai Metro News: कंजुरमार्ग में कार डिपो पर विवाद
- कंजुरमार्ग में प्रस्तावित कार डिपो के लिए लगभग 15 हेक्टेयर जमीन की जरूरत है, जो फिलहाल साल्ट पैन भूमि के रूप में वर्गीकृत है।
- अभी तक सरकार से अंतिम मंजूरी नहीं मिल पाई है। अधिकारियों का कहना है कि यदि डिपो के लिए इंतजार किया गया तो मेट्रो लाइन-6 का संचालन कई साल और टल सकता है। इसी देरी को देखते हुए MMRDA ने वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने का फैसला किया है।
Mumbai Metro Pink Line: एलिवेटेड 8 लेन कॉरिडोर होगा तैयार
- नई योजना के तहत ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के समानांतर एक एलिवेटेड आठ लेन का मेंटेनेंस कॉरिडोर बनाया जा रहा है, जिसमें आठ एलिवेटेड पिट लाइन्स होंगी।
- यहां मेट्रो रेक्स की नियमित जांच और मेंटेनेंस किया जाएगा। MMRDA के एक अधिकारी के मुताबिक, समय-समय पर होने वाली बड़ी मरम्मत या ओवरहॉलिंग के लिए रेक्स को मंडाले डिपो ले जाया जाएगा।
Mumbai Metro Latest Update: कार डिपो बनाने में लगेगा 3 साल
अधिकारियों का कहना है कि कंजुरमार्ग डिपो के निर्माण में जमीन मिलने के बाद भी दो से तीन साल का वक्त लगेगा। ऐसे में वैकल्पिक पिट लाइन्स और सिंगल-पिट स्ट्रक्चर बनाकर लाइन-6 के संचालन को रोका नहीं जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि जहां पहले डिपो प्रस्तावित था, उसी इलाके में अब यह एलिवेटेड मेंटेनेंस कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। करीब 6,700 करोड़ रुपये की लागत से बन रही मेट्रो लाइन-6 का काम 2017 में शुरू हुआ था, लेकिन भूमि विवाद और अन्य प्रशासनिक अड़चनों के कारण इसमें कई बार देरी हुई। अब MMRDA के इस फैसले से यह उम्मीद जगी है कि मुंबईकरों को तय समय पर एक और आधुनिक मेट्रो कॉरिडोर मिल सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications