Mumbai local train: मुंबई सेंट्रल और वांड्रे टर्मिनस को बोरीवली तक जोड़ने वाला मेल-एक्सप्रेस जल्द होगा शुरू
Mumbai local train: मुंबई में लंबे समय से जिस प्रोजेक्ट का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था वो जल्द पूरा होने वाला है। कांदिवली और बोरीवली के बीच सवा तीन किलोमीटर लंबी छठी रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। रेल सुरक्षा आयुक्त द्वारा इस नए मार्ग का निरीक्षण होने के बाद, इसे अब यातायात के लिए मंजूरी मिल गई है। इस नए चरण के साथ, खार से बोरीवली के बीच पांचवीं और छठी लाइनें पूरी तरह से खुल गई हैं, जिससे नई लोकल ट्रेनों को नया रूट मिलेगा।

छठी लाइन का काम 18 दिसंबर 2025 से 17 जनवरी 2026 तक, 30 दिनों के ब्लॉक के दौरान पूरा किया गया। पश्चिमी मंडल के रेल सुरक्षा आयुक्त ने रविवार, 18 जनवरी को इस नई लाइन को परिचालन हेतु स्वीकृति प्रदान की। इस प्रोजेक्ट में रेल की पटरियों को जोड़ने, पुलों को मज़बूत करने, आधुनिक सिग्नल प्रणाली को एकीकृत करने और विद्युतीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल थे।
मुंबई सेंट्रल से बोरीवली के बीच पांचवीं और छठी लाइन
मुंबई रेलवे विकास निगम (MRVC) की MUTP-2 परियोजना के तहत, मुंबई सेंट्रल से बोरीवली के बीच पांचवीं और छठी लाइन स्वीकृत की गई थी, जिसका निर्माण पश्चिम रेलवे ने किया। हालांकि, मुंबई सेंट्रल से खार के बीच के मार्ग पर अतिक्रमण और अनधिकृत झुग्गियां होने के कारण, पहले खार से बोरीवली तक पांचवीं और छठी लाइन का काम शुरू किया गया।
छठी लाइन से मुंबई लोकल के यात्रियों को क्या होगा फायदा
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने जानकारी दी कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए निर्माण के दौरान रात में ब्लॉक भी लिया गया। उन्होंने बताया कि छठी लाइन से मेल-एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों के लिए स्वतंत्र मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे उनकी समय-पालन क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार आएगा।
पांचवीं और छठी लाइनों के खुलने से लंबी दूरी की मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों और लोकल ट्रेनों दोनों का मार्ग अलग हो जाएगा। मुंबई सेंट्रल और बांद्रा टर्मिनस से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें बोरीवली तक छठी लाइन का उपयोग करेंगी, जिससे लोकल ट्रेनों के लिए समर्पित ट्रैक उपलब्ध होंगे। इन अलग-अलग मार्गों के कारण, दोनों तरह की ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चल सकेंगी, जिससे यात्रियों को बड़ा लाभ प्राप्त होगा।












Click it and Unblock the Notifications