मुंबई-गोवा क्रूज शिप का एक कर्मचारी मिला कोरोना पॉजिटिव, क्रूज पर सवार 2000 लोग फंसे!
क्रूज के एक क्रू मेंबर की रिपोर्ट कोरोना वायरस पॉजिटिव आने के बाद महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग अब सभी 2000 लोगों की जांच कर रहा है।
मुंबई, 3 जनवरी: महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों के आंकड़ों को देखें तो ओमिक्रॉन वेरिएंट के केस बढ़ने के साथ ही संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हुई है। इस बीच एक बड़ी खबर मुंबई से है, जहां एक क्रूज शिप के क्रू मेंबर की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। मुंबई से गोवा जा रहे कॉर्डेलिया क्रूज शिप के एक क्रू मेंबर की कोरोना वायरस रिपोर्ट जांच में पॉजिटिव आई, जिसके बाद क्रूज शिप पर करीब 2000 लोग फंस गए हैं। स्वास्थ्य विभाग अब इन सभी 2000 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट करा रहा है।
Recommended Video

रैपिड एंटीजन टेस्ट में क्रूज शिप के एक क्रू मेंबर की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे आइसोलेशन में रखा गया है। जानकारी के मुताबिक, क्रूज शिप पर 2016 लोग सवार हैं, जिन्हें अब अपनी कोरोना वायरस आरटीपीसीआर रिपोर्ट का इंतजार है। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने क्रूज शिप के अधिकारियों से सभी यात्रियों की कोरोना वायरस जांच कराने और जब तक उनकी रिपोर्ट नहीं आती, तब तक सभी यात्रियों को क्रूज पर ही रोकने के लिए कहा है।
अभी कहां पर है ये क्रूज शिप?
क्रू मेंबर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद मुंबई पोर्ट ट्रस्ट ने इस क्रूज को गोवा में यात्रियों को उतारने की इजाजत नहीं दी है और फिलहाल यह क्रूज शिप मोरमुगाओ पोर्ट क्रूज टर्मिनल के पास खड़ा है।
महाराष्ट्र में मिले कोरोना वायरस के 11,877 नए केस
आपको बता दें कि कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से एक महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के भीतर महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 11,877 नए केस मिले हैं, जिनमें से 8,063 मामले अकेले मुंबई में रिकॉर्ड किए गए हैं। इसके अलावा बीते एक दिन में महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 50 नए केस मिले हैं, जिसके बाद कोरोना वायरस के इस नए वेरिएंट के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 510 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications