Dawood Ibrahim की बहन को बेवा बनाने वाला 'Don Daddy' Arun Gawli अब क्या कर रहा? 18 साल जेल में बीते
Gangster Arun Gawli Update: मुंबई अंडरवर्ल्ड की बहुत कहानियां सुनी होंगी। लेकिन, सबसे खतरनाक कहानियों में से एक है अरुण गवली उर्फ 'डॉन डैडी' की। जब एक दूध बेचने वाले ने हथियार उठाया तो, 1980-90 के दशक में दाऊद इब्राहिम को भी देश छोड़कर भागने पर मजबूर कर दिया। इतना ही नहीं, दाऊद की बहन को भी बेवा बना दिया। दाऊद के जीजा इब्राहिम पारकर की हत्या करके गवली ने अपना बदला लिया।
18 साल तक नागपुर सेंट्रल जेल की सलाखों के पीछे कैद रहा गवली 3 सितंबर 2025 से जमानत पर बाहर है। 76 साल का गैंगस्टर-नेता गवली अब अपने अभेद किले दागड़ी चाल में क्या कर रहा है? आइए जानते हैं....

जेल से बाहर आने के बाद क्या कर रहा है अरुण गवली?
बताया जा रहा है कि इन दिनों अरुण गवली भगवान की भक्ति में लीन हैं। इसमें उनकी पत्नी आशा गवली हर उनके साथ हैं, जो दागड़ी चाल में 'Don Mummy' के नाम से फेमस हैं। अरुण गवली की रिहाई के बाद सामने आई तस्वीरों और उनकी पत्नी आशा गवली की सोशल मीडिया पोस्ट से उनकी जिंदगी की एक अलग तस्वीर दिखाई देती है। हाल के दिनों में आशा गवली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर परिवार और धार्मिक गतिविधियों से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं।

इन पोस्ट्स में अरुण गवली और आशा गवली को धार्मिक स्थलों पर देखा गया है। आशा की पोस्ट में भगवान विठ्ठल की भक्ति से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। 26 जुलाई को विठ्ठल दर्शन से जुड़ी तस्वीरें साझा की गईं। इसके बाद भगवान शिव और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े वीडियो भी पोस्ट किए गए। जेल से बाहर आने के बाद गवली की सार्वजनिक मौजूदगी में परिवार और धार्मिक गतिविधियों की झलक दिखाई दे रही है।
Asha Arun Gawli की भक्ति वाली पोस्ट ने खींचा ध्यान
11 अगस्त को आशा गवली ने विठ्ठल भक्ति से जुड़ी पंक्तियां साझा कीं। इन पंक्तियों का भाव भक्त और भगवान के रिश्ते को लेकर है। संदेश में कहा गया कि भगवान की महिमा भक्तों की आस्था से जुड़ी है और दुख, बीमारी तथा परेशानियों के समय ही इंसान भगवान की शरण तलाशता है।
इससे पहले भी आशा गवली भगवान शिव और श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े वीडियो साझा कर चुकी हैं। वहीं 1 अगस्त को उन्होंने अरुण गवली के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें 'हमसफर मेरे हमसफर' गाना लगाया गया था। एक अन्य पोस्ट में अरुण गवली के साथ उनकी मां की तस्वीर भी दिखाई दी।

दाऊद के बहनोई की हत्या से क्यों जुड़ा गवली का नाम?
मुंबई अंडरवर्ल्ड की सबसे चर्चित गैंगवार में से एक की शुरुआत 1990 के दशक में हुई। 1992 में दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर के पति इब्राहिम इस्माइल पारकर की मुंबई में हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में इस हत्या का संबंध अरुण गवली गैंग से जोड़ा गया था। बाद में गवली गैंग के सदस्य रहे कुछ लोगों के नाम भी इस मामले में सामने आए। 2018 में क्राइम ब्रांच ने गवली गैंग से जुड़े रहे दयानंद पुजारी को भी इसी हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था।

इस हत्या के बाद दाऊद और गवली गैंग के बीच दुश्मनी ने नया मोड़ लिया। इसी गैंगवार के बीच सितंबर 1992 में जेजे अस्पताल में गोलीबारी हुई। उस हमले में गवली गैंग से जुड़े बताए गए शैलेश हडलनकर और ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। यही वजह है कि गवली और दाऊद की दुश्मनी को मुंबई अंडरवर्ल्ड के सबसे खूनी अध्यायों में गिना जाता है।
किस केस में हुई अरुण गवली को जेल?
2007 में मुंबई के घाटकोपर में शिवसेना पार्षद कमलाकर जामसांडेकर की हत्या कर दी गई थी। जांच के बाद गवली को इस हत्या की साजिश में दोषी ठहराया गया। 2012 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। इस मामले में उस पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून यानी MCOCA के तहत भी कार्रवाई हुई थी। इसके बाद गवली लंबे समय तक नागपुर सेंट्रल जेल में रहा।

18 साल बाद क्यों मिली जमानत?
28 अगस्त 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने अरुण गवली और अन्य आरोपियों को अपील लंबित रहने तक जमानत देने का आदेश दिया। अदालत ने इस तथ्य को महत्वपूर्ण माना कि आरोपी करीब 18 साल से जेल में थे और उनकी अपील अभी लंबित थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 3 सितंबर 2025 को गवली दोपहर करीब 12:30 बजे नागपुर सेंट्रल जेल से बाहर आया। जेल अधिकारियों के अनुसार, रिहाई की कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे छोड़ा गया था।
जेल से निकलने से पहले भी बदली थी जिंदगी
जेल में रहते हुए भी गवली ने अपनी जिंदगी में कुछ अलग गतिविधियां जारी रखी थीं। रिपोर्टों के मुताबिक उसने जेल में रहते हुए पढ़ाई भी की और बीए कोर्स किया। 2018 में उसने गांधीवाद पर हुई परीक्षा में 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए थे। यानी जेल के लंबे दौर में भी उसकी जिंदगी सिर्फ अपराध और अदालतों तक सीमित नहीं रही।


Click it and Unblock the Notifications
