मुंबई में कोरोना की रफ्तार पर नहीं लग रही लगाम, 16 हजार नए मरीज मिले, 7 की मौत
नई दिल्ली, 12 जनवरी: पूरा देश कोरोना महामारी की तीसरी लहर की चपेट में है, जहां रोजाना के केस 1.5 लाख से ज्यादा आ रहे हैं। महाराष्ट्र इस बार भी महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। राजधानी मुंबई में हालात चिंताजनक बने हुए हैं, जहां बुधवार को कोरोना के 16420 मामले सामने आए, जबकि 7 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा मुंबई में 14,649 मरीजों ने कोरोना को मात दी।

Recommended Video
मुंबई पुलिस के मुताबिक बड़ी संख्या में उनके जवान भी संक्रमित हो रहे हैं। जिसका आंकड़ा मंगलवार को 98 रहा। इसके साथ ही मुंबई पुलिस में एक्टिव केस की संख्या 741 हो गई है, जबकि अब तक कुल 126 जवानों ने महामारी की वजह से अपनी जान गंवाई। वहीं पूरे महाराष्ट्र का आंकड़ा देखें तो वहां बुधवार को 46,723 केस सामने आए और 32 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा 28041 मरीज रिकवर भी हुए।
महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में एक्टिव केस की संख्या 240122 हो गई है। ओमिक्रॉन की बात करें तो उसका आंकड़ा राज्य में 1367 है। बुधवार को भी इसके 86 केस सामने आए। इसमें मुंबई में 21, पुण में 53, पिंपरी में 6, पुणे ग्रामीण में 1, सतारा में 3 और नासिक में 2 मामले हैं।
क्या पास आ गया कोरोना का पीक?
आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर के मुताबिक मुंबई और दिल्ली में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में वहां पर जनवरी के मध्य यानी इस हफ्ते कोरोना का पीक आ सकता है, जबकि देश में ये जनवरी के अंत में आएगा।
देश के क्या हैं हालात?
बुधवार सुबह जारी स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1,94,720 नए मामले सामने आए और 442 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा 60,405 लोग कोरोना से ठीक भी हुए। इसके साथ ही देश में एक्टिव केस की संख्या 9,55,319 हो गई है। मंत्रालय के मुताबिक अब तक 1,53,80,08,200 वैक्सीन डोज देश में लोगों को दी जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications