Mumbai, Dahi Handi: जन्माष्टमी के मौके पर दही हांडी प्रतियोगिता में हुआ बड़ा हादसा, 1 गोविंदा की मौत
Mumbai Dahi Handi: कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई में कई स्थानों पर दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया। इस सबके बीच मुंबई के मानखुर्द इलाके से बड़ी घटना सामने आई है। मानखुर्द में दही हांडी बांधते समय 32 वर्षीय एक 'गोविंदा' की मौत हो गई। इस घटना ने जन्माष्टमी के उत्सव शोक में बदल गया।
अधिकारियों ने मृतक की पहचान जगमोहन शिवकिरण चौधरी के रूप में की है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा दोपहर में उस समय हुआ जब चौधरी महाराष्ट्र नगर स्थित अपने घर की पहली मंजिल की खिड़की से रस्सी के सहारे दही हांडी बांधने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका बैलेंस बिगड़ा और वे नीचे गिर गए।

दही हांडी उत्सव में 'गोविंदा' उन प्रतिभागियों ने बताया मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर लटकी दही और मक्खन से भरी मटकी को फोड़ते हैं। हालांकि, इस मामले में जगमोहन हांडी को बांधने के दौरान ही दुर्घटना का शिकार हो गए। दुर्घटना के बाद, चौधरी को तुरंत नगर निगम द्वारा संचालित शताब्दी गोवंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
30 लोग घायल हुए
बीएमसी आपदा प्रबंधन इकाई के अनुसार, इस साल दही हांडी उत्सव के दौरान यह पहली मौत दर्ज की गई है। शनिवार दोपहर 3 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई में इस उत्सव के दौरान कुल 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकांश को मामूली चोटें आई हैं।
घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कपूल अस्पताल में 18 घायल पहुंचे थे, जिनमें से 6 को छुट्टी मिल चुकी है, जबकि 12 अभी भी भर्ती हैं। केईएम अस्पताल में आए 6 घायलों में से 3 को छुट्टी दे दी गई है और 3 लोग अस्पताल में हैं।
नायर अस्पताल में भी 6 लोग पहुंचे थे, जिनमें से 5 को छुट्टी मिल चुकी है और एक अभी भी भर्ती है। इन घटनाओं को देखते हुए, बीएमसी ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
सभी गोविंदाओं के मुफ्त इलाज का आदेश
बीएमसी ने सभी नगर निगम अस्पतालों को निर्देश दिया है कि दही हांडी उत्सव के दौरान घायल हुए सभी गोविंदाओं का मुफ्त इलाज किया जाए। साथ ही, अस्पतालों को हर तीन घंटे में इमरजेंसी कंट्रोल रूम में घायलों की रिपोर्ट भेजने को कहा गया है।
मुंबई में धूमधाम से मनाया जाता है दही हांडी का पर्व
महाराष्ट्र भर में दही हांडी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। मुंबई में आयोजित इस उत्सव में कई फिल्मी सितारे भी भाग लेते हैं, जिससे इसकी भव्यता और लोकप्रियता काफी बढ़ जाती है। अक्सर राजनीतिक हस्तियाँ भी इन आयोजनों में शिरकत करती देखी जाती हैं। दही हांडी प्रतियोगिता में गोविंदा का झुंड पिरामिड बनाकर ऊंचे पर टंगी दही हांडी को तोड़ने की परंपरा है।
दही हांडी पर्व की क्या है मान्यता
दही हांडी का उत्सव भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ा है, जिसका पौराणिक महत्व है। बालकृष्ण को माखन बहुत प्रिय था, और वे अक्सर अपने सखाओं के साथ घरों से चोरी-छिपे माखन खा लिया करते थे। इसी कारण उन्हें 'माखन चोर' भी कहा जाने लगा। यह उत्सव कृष्ण की इन्हीं बाल लीलाओं को समर्पित है।












Click it and Unblock the Notifications