तेज हुई मराठा आरक्षण की मांग, महाराष्ट्र के मंत्री हसन मुश्रीफ की कार में तोड़फोड़, जानिए बड़े अपडेट
maratha reservation news: महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग लगातार तेज होती जा रही है और राज्य में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इस बीच राज्य के मंत्री और एनसीपी नेता हसन मुश्रीफ की कार में भी तोड़फोड़ की गई है।
बुधवार को मुंबई के कोलाबा में आकाशवाणी के पास, विधायक आवास के बाहर खड़ी मंत्री हसन मुश्रीफ की कार में दो लोगों ने तोड़फोड़ की। इन लोगों ने मराठा आरक्षण को लेकर नारेबाजी भी की, जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

Recommended Video
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। राज्य में बढ़ रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। हालांकि सर्वदलीय बैठक को लेकर शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी के सांसदों और विधायकों को इस बैठक में नहीं बुलाया गया है। संजय राउत ने कहा कि राज्य सरकार ने केवल महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे को बैठक का आमंत्रण भेजा है।
'मांगें नहीं मानीं तो पानी पीना भी छोड़ दूंगा'
आपको बता दें कि मराठा आरक्षण की मांग को लेकर एक्टिविस्ट मनोज जरांगे पिछले एक हफ्ते से भूख हड़ताल पर बैठे हैं और उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि अगर बुधवार सुबह तक उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो फिर वो पानी पीना भी छोड़ देंगे। ऐसे में महाराष्ट्र में जगह-जगह हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए महाराष्ट्र के पांच जिलों में सरकारी बस सेवाओं को पूरी तरह से स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा बीड़ के कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगाने के अलावा इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications