Maharashtra Chunav Survey: महायुति vs महाविकास अघाड़ी, कौन मारेगा बाजी? नया सर्वे चौंकाने वाला
Maharashtra Chunav Survey: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती जारी है, यहां पर सभी 288 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा।
सभी सीटों के लिए वोटिंग 20 नवंबर को होगी और 23 नवंबर को चुनावी परिणाम आएंगे। चुनावी रण के लिए सभी पार्टियों ने अपना एड़ी-चोटी का दम लगा दिया है।

इस बार के चुनाव में कई रोचक पहलू हैं क्योंकि बीते पांच सालों में इस राज्य ने बहुत कुछ देखा है। पांच साल पहले जो साथी बनकर एक-दूसरे के साथ चुनाव लड़ रहे थे वो इसबार के दंगल में आमने-सामने खड़े हैं।
महायुति vs महाविकास अघाड़ी, कौन मारेगा बाजी?
जी हां आपने सही समझा, यहां बात हो रही है शिवसेना और भाजपा की। केवल यही नहीं शिवसेना भी दो हिस्सों में बंटी है, एक है उद्धव ठाकरे वाली सेना तो एक है एकनाथ शिंदे वाली पार्टी।
तो वहीं देश के वरिष्ठ नेताओं की लिस्ट में शामिल शरद पवार की भी पार्टी दो हिस्सों में बंटी है, उनकी तो पार्टी ही विभाजित नहीं बल्कि परिवार भी अलग है। एक है चाचा शरद पवार वाला दल एनसीपी और एक है भतीजे अजीत पवार वाली नेशनल कांग्रेस पार्टी। चाचा को पूरी उम्मीद है कि इस बार भी जनता का प्रेम और समर्थन उन्हीं को मिलेगा तो वहीं अजीत पवार को पूरा भरोसा है कि इस बार भी बाजी वो ही मारेंगे।
आपको बता दें कि इस वक्त राज्य में महायुति सरकार है और राज्य के मुखिया एकनाथ शिंदे हैं। इस सरकार में शिंदे की शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भाजपा शामिल है तो वहीं दूसरी ओर महाविकास अघाड़ी है जिसमें उद्धव ठाकरे और शरद पवार के साथ कांग्रेस भी है। खैर सरकार बनाने के लिए मैजिकल नंबर 145 वो ही दल हासिल कर पाएगा जिस पर जनता अपनी मुहर लगाएगी और जनता का दिल कौन जीतेगा , ये तो चुनाव परिणाम तय करेंगे।
जनता महायुति सरकार के काम से खुश है: सर्वे
लेकिन इसी बीच आए 'MIT-SOG-Lokniti-CSDS Pre-Poll Survey' ने सभी सियासी दलों के बीच में हलचल पैदा कर दी है। इस सर्वे को 'द हिन्दू' अखबार ने पब्लिश किया है। जिसके मुताबिक राज्य की जनता महायुति सरकार के काम से खुश है।वो पार्टी की ओर से चलाई जा रही कई योजनाओं से संतुष्ट है। हाल ही में शुरू हुई 'लड़की बहिन योजना' का फायदा इस पार्टी को चुनाव में मिल सकता है।
आपको बता दें कि 21 सितंबर से 6 अक्टूबर के बीच कराए गए इस सर्वे से ये पता चलता है कि महायुति सरकार के प्रति कोई निगेटिव लहर जनता के बीच में नहीं है। ये सर्वे राज्य के 39 विधानसभा क्षेत्रों (एसी)पर किया गया है लेकिन महाराष्ट्र में मतदाता अभी तक दोनों गठबंधनों में से किसी से भी प्रभावित नहीं हैं। हालाँकि मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा मौजूदा सरकार से संतुष्ट है, लेकिन उन्होंने बेरोज़गारी, मुद्रास्फीति और भ्रष्टाचार के बारे में चिंता जाहिर की है। देखते हैं जनता की संतुष्टि वोटों में तब्दील होती है या नही?
अगर साल 2019 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो सीटों की स्थिति निम्नलिखित थी...
- कुल सीटें- 288
- बहुमत के लिए चाहिए- 145 सीटें
- भारतीय जनता पार्टी 105
- शिवसेना 56
- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 44
- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 54
- ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन 2
- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी 1
- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना 1
- समाजवादी पार्टी 2
- निर्दलीय 23
राज्य की ताजा स्थिति?
महायुति के पास 218 सीटें हैं। महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना, एनसीपी (अजित पवार)के अलावा BVA, PJP, MNS, RASHP, PWPI, JSS दल शामिल हैं। तो वहीं महाविकास अघाड़ी के पास कुल 77 सीटें हैं। इसमें कांग्रेस, एनसीपी (शरदचंद्र पवार), शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के अलावा CPI(M), SWP शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications