Maharashtra: क्या 2024 में साथ रहेंगे कांग्रेस-शिवसेना (उद्धव) और एनसीपी? पवार के बयान से असमंजस
महाराष्ट्र में विपक्षी एमवीए खेमे में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। खुद इसके सबसे बड़े नेता और एनसीपी चीफ शरद पवार ने 2024 का चुनाव साथ में लड़ने को लेकर आशंका जाहिर कर दी है।

महाराष्ट्र की राजनीति में एकबार फिर से उबाल आ गया है। एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार और भतीजे अजित पवार के बीच सियासी मनमुटाव की अटकलों के बीच बड़े पवार ने ऐसा बयान दे दिया है, जिससे महा विकास अघाड़ी के चुनावी भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पवार के बयान पर सियासी उबाल
सोमवार को इस सवाल के जवाब में कि क्या 2024 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में एमवीए पार्टियां एकसाथ चुनाव लड़ेंगी? शरद पवार ने कहा कि एनसीपी महा विकास अघाड़ी का हिस्सा है और चुनाव साथ में लड़ने की इच्छा है। लेकिन, इसके साथ ही उन्होंने जो कुछ कहा, उसके दूरगामी सियासी संकेत निकल सकते हैं।

'मैं आपको इसके बारे में कैसे बता सकता हूं?'
पार्टी में कश्मकश की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, 'आज, हम महा विकास अघाड़ी का हिस्सा हैं और एकसाथ काम करने की इच्छा रखते हैं...लेकिन, हमेशा अकेले इच्छा ही पर्याप्त नहीं होती।' वो बोले, 'सीटों का बंटवारा, किसी तरह की समस्या है या नहीं- इसपर अभी तक चर्चा नहीं हुई है। इसलिए मैं आपको इसके बारे में कैसे बता सकता हूं?'
2019 में क्या हुआ था?
महा विकास अघाड़ी का जन्म 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद हुआ है। तब कांग्रेस (147 सीट)-एनसीपी (121 सीट) साथ में चुनाव लड़ी थी और तब की उद्धव ठाकरे की अुवाई वाली शिवसेना (126 सीट) बीजेपी (164 सीट) के साथ चुनाव लड़ी थी। पवार इसी बदली हुई परिस्थितियों पर बात कर रहे हैं।

संजय राउत का दावा-एमवीए एकसाथ चुनाव लड़ेगी
उद्धव ठाकरे गुट के नेता और सांसद संजय राउत ने पवार के बयान के बाद प्रतक्रिया दी है कि 'महा विकास अघाड़ी रहेगी। उद्धव ठाकरे और शरद पवार इसके प्रमुख नेता हैं। 2024 में एमवीए की पार्टियां मिलकर (महाराष्ट्र विधानसभा) चुनाव लड़ेंगी।'

जो हमारे साथ रहेंगे हम उनके साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे-कांग्रेस
वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने पवार के बयान के बाद कहा है, 'कांग्रेस की भूमिका यह सुनिश्चित करने की है कि सभी बीजेपी-विरोधी दल एकजुट होकर लड़ें। गठबंधन (एमवीए) की अन्य पार्टियों की भूमिका भिन्न हो सकती है। जो हमारे साथ रहेंगे हम उनके साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे। हम यह नहीं पूछ रहे हैं कि किसी के मन में क्या है।'
Recommended Video

महा विकास अघाड़ी कितने दूर तक चलेगी-बीजेपी
महाविकास अघाड़ी के अंदर मचे इस सियासी घमासान पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है, 'शरद पवार ने जो कहा है वह महा विकास अघाड़ी पर उनकी निजी राय है। पवार साहब जल्दी जान जाएंगे कि जिन्हें अपने लोगों ने छोड़ दिया क्या वह एमवीए की अगुवाई कर सकते हैं। इसके नेताओं और जनता में भी यह असमंजस है कि महा विकास अघाड़ी कितने दूर तक चलेगी।'
एमवीए दलों में बढ़ रही है बेचैनी
कुल मिलाकर यह तो तय है कि महा विकास अघाड़ी के अंदर और इसके दलों के भीतर भी सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। कम से कम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस की बातों से तो यह स्पष्ट हो ही रहा है। बीच में उद्धव ठाकरे गुट की बेचैनी ज्यादा बढ़ी हुई लग रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों में से पिछली बार बीजेपी को सबसे ज्यादा 105 सीटें मिली थीं। तबकी शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं। आज की तारीख में असली शिवसेना मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ है और बीजेपी के साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications