Maharashtra Weather: तेज हवाओं के साथ होगी भारी बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट, मुंबई में कैसा रहेगा मौसम?
Maharashtra Weather: मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भीषण गर्मी से लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई समेत राज्य के कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। जिसके चलते आगामी 24 घंटों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। अचानक होने वाली इस बारिश से जहां तापमान में गिरावट आएगी, वहीं मुंबईकरों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, भारी बारिश के चलते स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है।

मुंबई और आसपास के जिलों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों के लिए विशेष तौर पर सतर्क रहने को कहा है। इन इलाकों में दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। कोस्टल इलाकों में रहने वाले लोगों को जलजमाव के प्रति सावधान रहने की सलाह दी गई है।
पुणे और नासिक में कैसा रहेगा मौसम?
पुणे और नासिक जैसे पश्चिमी महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में भी तेज बारिश हाे सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर से आने वाली नम हवाओं और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण अचानक घने बादल बन रहे हैं। इसके प्रभाव से कुछ ही घंटों में बहुत तेज बारिश होने की आशंका रहती है, जिससे शहरी इलाकों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
महाराष्ट्र के किन जिलों में 'येलो अलर्ट'?
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, केवल मुंबई ही नहीं बल्कि रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, सतारा और कोल्हापुर जैसे जिलों में भी मौसम खराब रहने की आशंका है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर विशेष रूप से चेतावनी जारी की गई है। किसानों को अपनी पकी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है ताकि नुकसान से बचा जा सके।
मराठवाड़ा में कैसा रहेगा मौसम?
मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर और जालना जिलों में येलो हीट अलर्ट जारी किया गया है, यानी यहां तेज गर्मी पड़ सकती है। वहीं परभणी और हिंगोली में हल्की बारिश का अनुमान है। बीड, नांदेड़, लातूर और धाराशिव में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे मौसम थोड़ा बदल सकता है।
विदर्भ में कैसा रहेगा मौसम?
विदर्भ क्षेत्र में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। अमरावती में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि नागपुर, चंद्रपुर, गोंदिया, भंडारा, वर्धा, यवतमाल और गढ़चिरौली में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। वाशिम और बुलढाणा जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मछुआरों और पर्यटकों के लिए जारी की गई एडवाइस
मौसम में विशेष रूप से तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि तेज हवाओं के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका है। इसके अलावा, पहाड़ी क्षेत्रों और घाटों पर यात्रा करने वाले पर्यटकों से भी अपील की गई है कि वे बहुत जरूरी न होने पर यात्रा टाल दें। इसके अलावा गोवा की लाइफसेविंग एजेंसी ने भी मानसून को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। एजेंसी के अनुसार, मानसून के दौरान समुद्र में हालात अचानक खतरनाक हो सकते हैं।













Click it and Unblock the Notifications