Maharashtra weather: बाढ़ में डूबे महाराष्ट्र के कई इलाके, IMD ने इन जिलों में भारी बारिश की दी चेतावनी
Maharashtra Weather: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में 26 से 30 सितंबर के बीच बादल छाए रहने और भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूर्वोत्तर क्षेत्र और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, मध्य भारत के कुछ हिस्सों और महाराष्ट्र में भारी वर्षा होने का अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली के साथ आंधी, हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा महाराष्ट्र के दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 5 अक्टूबर से पहले राज्य से विदा होने की उम्मीद नहीं है।

26 सितंबर की दोपहर से दक्षिण विदर्भ और मराठवाड़ा के आसपास के इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। गढ़चिरौली, चंद्रपुर, यवतमाल और नांदेड़ सहित अन्य जिलों में भी बारिश की उम्मीद है, जबकि विदर्भ और मराठवाड़ा के शेष हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाए रह सकते हैं।"
विनाशकारी बाढ़ की चपेट में मराठवाड़ा
गौरतलब है कि महाराष्ट्र का मराठवाड़ा क्षेत्र, जो लंबे समय से सूखे का सामना कर रहा था, अब विनाशकारी बाढ़ की चपेट में है। भारी बारिश के बाद आई इस बाढ़ ने तैयार फसलों को नष्ट कर दिया है और कई परिवारों को बेघर कर दिया है। आज भी सैकड़ों घरों में कीचड़ और पानी भरा हुआ है, जिससे अनाज, कपड़े समेत लोगों की पूरी गृहस्थी के सामाना खराब हो गए हैं।
31 लाख से अधिक किसानों हुए प्रभावित
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार किसानों की स्थिति दयनीय है, वे अपने और परिवार के भरण-पोषण को लेकर चिंतित हैं। सितंबर में हुई यह मूसलाधार बारिश पिछले 50 वर्षों में सबसे भयानक बताई जा रही है, जिसने 31 लाख से अधिक किसानों को प्रभावित किया है। कपास और सोयाबीन जैसी प्रमुख फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
महाराष्ट्र राज्य मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
26 सितंबर को इन क्षेत्रों में होगी भारी बारिश
26 सितंबर (शुक्रवार) को दक्षिणी विदर्भ और उससे सटे मराठवाड़ा में दोपहर के बाद मौसम बिगड़ सकता है। गडचिरोली, चंद्रपुर, यवतमाल और नांदेड़ जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
27 सितंबर को दक्षिण मराठवाड़ा में होगी भारी बारिश
27 सितंबर (शनिवार) को दक्षिणी मराठवाड़ा में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। इसमें नांदेड़, लातूर, धाराशिव, बीड, परभणी और हिंगोली जिले शामिल हैं। बाकी मराठवाड़ा में भी बारिश तेज हो सकती है, जिससे इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इसके साथ ही, दक्षिणी विदर्भ के यवतमाल जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि शेष विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। मध्य महाराष्ट्र के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मराठवाड़ा से सटे मध्य महाराष्ट्र के जिलों, विशेष रूप से सोलापुर में मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है।
28 सितंबर को महाराष्ट्र के इन जिलों में होगी बारिश
28 सितंबर (रविवार ) को कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में बारिश का जोर बढ़ने की संभावना है। इस दिन अहिल्यानगर, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
इसके अतिरिक्त, मुंबई महानगर (मुंबई शहर, ठाणे और पालघर जिले) में भी बारिश की संभावना है, कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के संकेत मिले हैं। पश्चिमी विदर्भ, पश्चिमी मराठवाड़ा और खानदेश में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
दक्षिणी मराठवाड़ा, कोंकण और पश्चिमी महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बांधों का जलस्तर बढ़ने और नदियों व नालों में बाढ़ आने की आशंका जताई गई है।
Thunderstorm accompanied with lightning, light to moderate rain with gusty winds 30-40 kmph very likely to occur at isolated places in the districts of Konkan-Goa and Madhya Maharashtra.
— Regional Meteorological Center,Mumbai (@RMC_Mumbai) September 25, 2025
तपशीलवार जिल्हानिहाय हवामान अंदाज व चेतावणीसाठी कृपयाhttps://t.co/jw7yrf9chD भेट घ्या. pic.twitter.com/nMpDmL5dwq
IMD ने नागरिकों को किया सतर्क
IMD ने नागरिकों से भारी बारिश और गरज-चमक के खतरे के मद्देनजर सतर्क रहने का आग्रह किया है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा करें, जबकि आम जनता को अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव तथा स्थानीय बाढ़ के खिलाफ सावधानी बरतने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications