Maharashtra Weather: कई इलाकों में पड़ रही शिमला जैसी ठंड, IMD का 7 जिलों में ऐलो अलर्ट, मुंबई का जानें हाल
Maharashtra Weather: मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण राज्य में ठंड बढ़ी है, जिसके लिए IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है। मध्य महाराष्ट्र में शीतलहर फैलने की चेतावनी भी दी गई है। राज्यभर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे है, जिसने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। राज्य के कई शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सात जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, जिनमें धुले, नासिक, नंदुरबार, अहमदनगर (अहिल्यानगर), पुणे, सोलापुर और जलगाँव शामिल हैं।

मुंबई में कैसा रहेगा मौसम?
वहीं मुंबई की बात करें तो शुक्रवार सुबह से ठंड बढ़ गई थी। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम का सबसे कम दर्ज किया गया। सोमवार को तापमान में हल्की वृद्धि होकर यह 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुँचने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर तक मुंबई में ठंड बनी रहेगी।
ठंड से दो लोगों की हुई मौत
महाराष्ट्र के जलगाँव जिले में कड़ाके की ठंड ने दो लोगों की जान ले ली है। पिछले एक सप्ताह से जिले में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के साथ शीतलहर का प्रकोप है। चिकित्सा सूत्रों ने प्राथमिक जांच के बाद इन मौतों का कारण भीषण ठंड बताया है।
मृतकों में पहला मामला रवींद्र तेंगड़ी प्रसाद (49, निवासी उत्तर प्रदेश) का है। वह एमआईडीसी स्थित गोविंद इंडस्ट्रीज के चटाई कारखाने में कार्यरत थे। गुरुवार रात की पाली पूरी करने के बाद अपनी खोली में लौटे रवींद्र का नींद में ही निधन हो गया।
दूसरी घटना नसीराबाद में खंडेराव मंदिर की सीढ़ियों पर हुई, जहाँ 76 वर्षीय वामन भगवान लकड़े (निवासी: हनुमान मंदिर परिसर, रायपुर, जिला बुलढाणा) का शव मिला। चिकित्सा अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इन दोनों व्यक्तियों की मृत्यु ठंड से ठिठुरने के कारण हुई है।












Click it and Unblock the Notifications