'किडनैप किया गया था', बागी खेमे से लौटे शिवसेना के दो विधायक, बताई बच निकलने की पूरी कहानी
मुंबई, 22 जून। महाराष्ट्र में चल रहे सियासी ड्रामें में शिवसेना के बागी खेमे के दो विधायकों के दावे से नया ट्विस्ट आ गया है। शिवसेना विधायक नितिन देशमुख और कैलाश पाटिल, जिनके बारे में कहा जा रहा था कि वह एकनाथ शिंदे के साथ बागी खेमे में चले गए हैं, अचानक से उद्धव ठाकरे के पास वापस लौट आए हैं। यही नहीं दोनों विधायकों ने मुख्यमंत्री के रूप में उद्धव ठाकरे के लिए खुले समर्थन की बात कही है।

अपहरण का किया दावा
साथ ही उन्होंने दावा किया है कि उनका अपहरण कर गुजरात के सूरत ले जाया गया था जहां से वह निकल भागे। नितिन देशमुख महाराष्ट्र की बालापुर विधानसभा सीट से शिवसेना के विधायक हैं।
देशमुख ने कहा "मैं बचकर निकला और सुबह में करीब तीन घंटे तक हाईवे पर आने-जाने वाले से लिफ्ट के इंतजार में खड़ा रहा तभी करीब सौ पुलिस वाले आए और मुझे अस्पताल ले गए।" उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद को हार्ट अटैक होने का नाटक किया जिसके चलते पुलिस वाले उन्हें अस्पताल ले गए।

देशमुख की पत्नी ने की थी शिकायत
नितिन देशमुख वही विधायक हैं जिनकी पत्नी ने एक दिन पहले ही अपने पति के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उन्होंने अपने पति की जान को खतरा भी बताया था।
नितिन देशमुख की पत्नी प्रांजलि ने अकोला पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दी थी जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने अपने पति से आखिरी बार 20 जून को शाम 7 बजे बात की थी और उसके बाद से उनका कोई सम्पर्क नहीं हो पा रहा है क्योंकि उनका फोन स्विच ऑफ आ रहा है।

कैलाश पाटिल भी लौटे वापस
बता दें कि एक और विधायक कैलाश पाटिल के भी वापस लौट आए हैं। स्थानीय मीडिया में छपी खबर के मुताबिक कैलाश पाटिल ने दावा किया है कि सभी विधायकों को ठाणे से ट्रेन के माध्यम से गुजरात ले जाया जा रहा था तभी उन्हें शक हुआ था। करीब 100 किमी ट्रेन चलने के बाद वह पेशाब करने के बहाने निकले और ट्रेन से उतर गए थे। इसके बाद वह मुंबई पहुंचे और उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें बाइक और ट्रैक्टर पर भी लिफ्ट लेनी पड़ी थी।
महाराष्ट्र में शिवसेना नेता और उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री एकनाथ शिंदे के बागी हो जाने के बाद राज्य की महा विकास अघाड़ी सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। एकनाथ शिंदे शिवसेना के विधायकों के साथ सूरत चले गए थे जहां से वे असम के गुवाहाटी चले गए हैं। शिंदे ने दावा किया है कि उनके साथ 40 विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications