महाराष्ट्र में बढ़ा कोरोना तो मंत्री ने 'दिल्ली वासियों' पर मढ़ा दोष, कहा- दिल्ली से आने वाले फैला रहे कोविड
महाराष्ट्र में बढ़ा कोरोना तो मंत्री ने 'दिल्ली वासियों' पर मढ़ा दोष, कहा- दिल्ली से आने वाले फैला रहे कोविड
नागपुर, 06 जून: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों में कोरोना वायरस के केस काफी बढ़े हैं। महाराष्ट्र में कोविड के बढ़ते मामलों के बीच राज्य के मंत्री नितिन राउत ने सोमवार (06 जून) को 'दिल्ली से नागपुर आने वाले प्रवासियों' को इसके लिए जिम्मेदार बताया। दिल्ली वासियों पर दोष मढ़ते हुए महाराष्ट्र के मंत्री नितिन राउत ने कहा कि उनके यहां आने की वजह से कोरोना फैल रहा है। उन्होंने कोविड के मामलों में वृद्धि को रोकने के लिए 'हवाई अड्डे पर ट्रेसिंग और शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक कोरोना जांच कराने की बात की है।
Recommended Video

महाराष्ट्र के मंत्री नितिन राउत ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, ''नागपुर में बढ़ते कोरोना मामलों के पीछे मुख्य कारण दिल्ली से आने वाले प्रवासी हैं। आज पाए गए 35 मामलों में से अधिकांश मामले दिल्ली के हैं। मुझे लगता है कि हमें एयरपोर्ट पर ही ट्रेसिंग करनी चाहिए और शहरी और ग्रामीण इलाकों में कोरोना टेस्ट अधिक करने चाहिए।''
बता दें कि ठीक इसी तरह पिछले हफ्ते की एक घटना में, तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम ने राज्य में कोरोना मामलों में वृद्धि के लिए उत्तर भारतीय छात्रों को दोषी ठहराया था। जिसको लेकर काफी विवाद भी हुआ था।
महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति पर अन्य मंत्रियों ने क्या कहा?
महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ ने कोविड की स्थिति का जायजा लेते हुए कहा, राज्य में स्कूल 15 जून को उचित उपायों के साथ खुलेंगे। उन्होंने कहा, ''हम कोरोना की स्थिति का जायजा ले रहे हैं, मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन 15 जून को कोरोना के नियमों के उचित उपायों के साथ स्कूल खोले जाएंगे। स्कूलों को नए एसओपी जारी किए जाएंगे।''
महाराष्ट्र के मंत्री और शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार (05 जून) को कहा कि कोविड की वृद्धि से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने जनता से फेस मास्क पहनने और कोरोना वैक्सीन की बूस्टर खुराक लेने के लिए कहा।












Click it and Unblock the Notifications