महाराष्ट्र के जलगांव में हिंसक झड़प के बाद कर्फ्यू जारी, 7 लोग गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला
Maharashtra Jalgaon Curfew: महाराष्ट्र के जलगांव के पलाधी गांव में 31 दिसंबर को दो समूहों के बीच हिंसक झड़प के बाद कर्फ्यू जारी है। आज गुरुवार 2 जनवरी को भी इलाके में कर्फ्यू लगा रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जलगांव के पालधी गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई और 24 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक मंत्री की कार के चालक और स्थानीय लोगों के एक समूह के बीच विवाद के बाद इलाके में दो समूहों के बीच झड़प हो गई। हिंसा के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कम से कम सात लोगों को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।

जलगांव में हिंसक झड़प: पुलिस ने पूरे मामले पर क्या कहा?
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक जलगांव जिले के पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी ने बताया, "एक सार्वजनिक सभा के बाद सड़क पर हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद हिंसा भड़क उठी। एहतियात के तौर पर 24 घंटे के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालांकि, स्थिति नियंत्रण में है।"
जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद के मुताबिक, "एहतियाती उपाय के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है। स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।" झड़पें मंगलवार रात करीब 9.30 बजे शुरू हुईं और कई दुकानों में आग लगा दी गई और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।
जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने बताया, "दोनों समूहों के बीच झड़प एक तरह की सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुई। हिंसक भीड़ ने दुकानों में आग लगाने और वाहनों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। झड़पों में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।"
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों पर दंगा, उपद्रव और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह विवाद मंगलवार रात 9.30 बजे शिवसेना विधायक गुलाबराव पाटिल के ड्राइवर और स्थानीय लोगों के बीच हुआ। इस घटना के बाद पथराव, आगजनी और कई वाहनों और दुकानों को नुकसान पहुंचाया गया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
घटना के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जलगांव मुख्यालय से अतिरिक्त बल तैनात किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना के मूल कारणों का पता लगा रही है। सूत्रों के अनुसार, कार में जलापूर्ति मंत्री गुलाबराव पाटिल की पत्नी और दो बहुएं सवार थीं।












Click it and Unblock the Notifications