'4 मेंटल हॉस्पिटल हैं, कहीं भी भर्ती हो जाइए'...आखिर क्यों स्वास्थ्य मंत्री ने आदित्य ठाकरे को कहा ऐसा
आदित्य ठाकरे ने जिस तरह से मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वह मेरे खिलाफ चुनाव लड़े उसपर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनकी हालत ठीक नहीं है उन्हें महाराष्ट्र के चार मेंटल हॉस्पिटल में से किसी एक में भर्ती हो जाना चाहिए

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने शनिवार को शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे पर तीखा हमला बोला है। जिस तरह से आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चुनौती दी उसपर पलटवार करते हुए तानाजी सावंत ने कहा कि महाराष्ट्र में चार मेंटल हॉस्पिटल हैं, आदित्य ठाकरे इसमे से किसी एक में भर्ती हो सकते हैं। सावंत ने कहा कि मेरे पास स्वास्थ्य विभाग है, जिसके तहत चार मानसिक अस्पताल आते हैं, मैं मुख्यमंत्री को सलाह दूंगा कि एक आदमी को यहां पर भर्ती कराएं जिसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
बता दें कि पिछले हफ्ते आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चुनौती देते हुए कहा कि आप मेरे खिलाफ वर्ली सीट से चुनाव लड़ें। मैंने इस असंवैधानिक मुख्यमंत्री को चुनौती दी है कि वह मेरे खिलाफ चुनाव लड़ें, मैं वर्ली सीट से इस्तीफा देता हूं, उन्हें अनपी सीट से इस्तीफा देना चाहिए। मेरे खिलाफ वर्ली सीट से चुनाव लड़िए। अगर उन्हें लगता है कि वह इतने लोकप्रिय हैं, इतने मजबूत हैं, उन्हें मेरी चुनौती को स्वीकार करना चाहिए। शिंदे खेमे की शिवसेना के कई नेताओं ने आदित्य ठाकरे की उनकी इस चुनौती के लिए आलोचना की है और इसे असंवैधानिक बताया है।
राज्य मंत्री दीपक केसरकर ने पिछले रविवार को कहा था कि आदित्य अभी भी बड़े नहीं हुए हैं। हम भी उन्हें थाणे से चुनौती दे सकते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं करेंगे। हम किसी का भी अपमान नहीं कर सकते हैं ऐसा कहकर उनकी जमानत जब्त नहीं करा सकते हैं। विधायक मंगेश कुडलकर ने कहा कहा कि मैं आदित्य ठाकरे से कहना चाहता हूं चुनौती देना ठीक नहीं है। शिंदे सरकार लगातार अच्छा काम कर रही है। मैं उनसे अपील करता हूं कि हमारे साथ मिलकर काम करें। मैं कुर्ला से इस्तीफा दे दूंगा, उन्हें भी अपनी सीट से इस्तीफा देकर मेरे खिलाफ जीतकर दिखाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications