महाराष्ट्र: कोरोना की बढ़ती रफ्तार में राज्य सरकार ने कसी कमर, 25 नए कोविड अस्पताल किए शुरू
कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर राज्य सरकार ने अपनी कमर कस ली है। इसके चलते राज्य सरकार ने 25 नए अस्पताल शुरू किए हैं।

पूरे देश में ही कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण सरकार से लेकर आम जनता सभी परेशान हैं। इस महामारी को लेकर स्वास्थ्य महकमा भी अलर्ट मोड पर है। वहीं, राज्यों में भी सतर्कता बरती जा रही हैं। इसी के चलते महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के लिए 25 कोविड 19 अस्पतालों को सक्रिय कर दिया है।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने ये कदम उठाया है। इन अस्पतालों में कोरोना से संक्रमित मरीजों का इलाज हो सकेगा। बीते 24 घंटे में 1100 संक्रमित मरीज आने के बाद राज्य सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं।
महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन ने मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मेडिकल, पैरामेडिकल और सहायक कर्मचारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क जरूर पहनें। साथ ही कोरोना की गाइडलाइन्स को फॉलो करें।
इसके साथ उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार के पास 5 हजार से अधिक कोविड बेड, 2 हजार वेंटिलेटर, 62 लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन टैंक, 37 पीएसए प्लांट, 2 हजार बड़े और 6 हजार छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर मौजूद हैं। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में एक दिन में 30 हजार टेस्टिंग की सुविधा उपलब्ध है।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोविड 19 के 1100 नए मामले सामने आए हैं, जबकि राज्य में कोरोना वायरस से 4 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में 6102 कुल सक्रिय केस हैं। वहीं, 1112 मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: सीएम शिंदे ने दिया दिव्यांग एथलीटों को तोहफा, BMC अभ्यास के लिए मुहैया कराएगी सुविधाएं












Click it and Unblock the Notifications