महाराष्ट्र में ब्लैक फंगस महामारी घोषित, कई जिलों में होम आइसोलेशन खत्म
मुंबई, मई 25: महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी है। इस बीच ब्लैक फंगस ने भी सरकार की परेशानियों को बढ़ा दिया है, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने ब्लैक फंगस को अधिसूचित बीमारी के रूप में वर्गीकृत किया है, जिसकी जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है। यानी महाराष्ट्र सरकार ने ब्लैक फंगस को महामारी घोषित कर दिया है। राज्य में लगातार म्यूकोरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) के मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। अब तक 90 लोगों ने इससे ग्रसित होकर दम तोड़ दिया है।

वहीं इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे बताया कि प्रदेश की वर्तमान पॉजिटिविटी दर 12 फीसदी है। रिकवरी रेट 93 फीसदी है। राज्य में ब्लैक फंगस के 2,245 मामले सामने हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले जन आरोग्य योजना के तहत ब्लैक फंगस के रोगियों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात की भी जानकारी दी है कि सरकार ने राज्य के उन 18 जिलों के मरीजों के लिए होम आइसोलेशन रोकने का फैसला किया है, जहां पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है। इन जिलों के मरीजों को क्वारंटाइन सेंटर जाना होगा, होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं होगी। वहीं वैक्सीन के बारे में बताते हुए कहा कि वैक्सीन खरीद के लिए ग्लोबर टेंडर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम केंद्र सरकार से टेंडर जारी करने और हमें टीके उपलब्ध कराने का अनुरोध कर रहे हैं।
आपको बता दें कि देश में सबसे ज्यादा ब्लैक फंगस के मामले गुजरात और महाराष्ट्र से सामने आए हैं। वहीं अब तक इससे पहले 19 राज्य म्यूकोरमाइकोसिस (ब्लैक फंगस) को महामारी अधिनियम के तहत घोषित कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications