महाराष्ट्र चुनाव से पहले चेंबूर में कार से 20 लाख रुपए की नकदी जब्त, कहां से आई इतनी बड़ी रकम?
Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से कुछ ही हफ्ते पहले मुंबई पुलिस ने चेंबूर इलाके में एक कार से 20 लाख रुपए की नकदी बरामद की है और पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है।
यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। इससे पहले चुनाव प्रचार के बीच पुणे में एक कार से 5 करोड़ रुपए बरामद होने का मामला सामने आया था, जिसके चलते सियासी पारा भी गर्म हो गया था। वहीं अब चेंबूर से सामने आए इस मामले ने भी तेजी पकड़ ली है।

पुलिस के बयान में कहा गया है कि, "मुंबई के चेंबूर इलाके में एक चेकपॉइंट के दौरान, पुलिस ने एक कार से 20 लाख रुपए की नकदी बरामद की। नकदी बरामद होने के बाद मुंबई में तिलक नगर पुलिस ने आयकर विभाग से भी संपर्क किया।"
महाराष्ट्र में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इस संहिता के तहत, 50,000 रुपए से अधिक नकदी रखने वाले व्यक्तियों के पास वैध दस्तावेज होने चाहिए, जबकि इससे कम राशि के लिए किसी कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं है।
दो कारों से निकले 1 करोड़ 40 लाख
इससे पहले हिंगोली शहर के बस स्टैंड इलाके में पुलिस ने भारी मात्रा में कैश बरामद किया। जानकारी के अनुसार हिंगोली क्राइम ब्रांच की टीम ने सूचना के आधार पर बस स्टैंड के पास चेकिंग की। जहां दो अलग-अलग गाड़ियों से करीब एक करोड़ चालीस लाख रुपए की भारी नकदी बरामद की।
बताया जा रहा कि दोनों गाड़ियां कलमनूरी की तरफ जा रही थीं। पुलिस को शक हुआ तो वाहनों को रूकवाकर तलाशी लेने के बाद उनमें से भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया, जिसको जब्त कर लिया और दो लोगों को हिरासत में लिया है।
बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को सभी 288 सीटों पर वोटिंग होंगी। जिसके नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications