महाराष्ट्र: नांदेड़ की देगलूर सीट से विधायक रावसाहेब अंतपुरकर का निधन, कोरोना से थे संक्रमित
मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। राज्य में ना सिर्फ संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है, बल्कि इस वायरस से होने वाली मौतें भी बढ़ रही हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में कोरोना की वजह से कांग्रेस के एक विधायक की मौत हो गई। नांदेड़ की देगलूर विधानसभा सीट से विधायक रावसाहेब अंतपुरकर कोरोना से संक्रमित थे। शुक्रवार को उनकी तबियत अचानक से खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
Recommended Video

17 मार्च को संक्रमित हुए थे अंतपुरकर
55 साल के अंतपुरकर 17 मार्च को कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद से ही उनका इलाज नांदेड़ जिले के ही एक अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार रात को उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
NCP विधायक की भी हो चुकी है मौत
आपको बता दें कि रावसाहेब अंतपुरकर महाराष्ट्र में कोरोना की वजह से जान गंवाने वाले दूसरे विधायक हैं। इससे पहले पिछले साल 28 नवंबर को पंढरपुर से NCP विधायक भरत भालके की कोरोना की वजह से मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद खाली हुई इस सीट पर अब उपचुनाव भी होने जा रहा है। 17 अप्रैल को इस सीट पर वोटिंग होगी।
शुक्रवार को महाराष्ट्र में आए थे 58 हजार से अधिक केस
बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना का रौद्र रूप पिछले 1 महीने से देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को महाराष्ट्र में कोरोना के नए मरीजों की संख्या 58,993 थी, जबकि 301 लोगों ने इस वायरस की वजह से जान गंवा दी थी। महाराष्ट्र इस वक्त पूरे देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। पिछले कई दिनों से महाराष्ट्र में 50 हजार से उपर केस आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications