उद्धव को बड़ा झटका, लोकसभा में राहुल शेवाले बने शिवसेना के नेता, स्पीकर ने दी मंजूरी
मुंबई, 19 जुलाई: शिवसेना के अधिकतर विधायक महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के खेमे में जा चुके हैं। इसके बाद अब शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे को एक और बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार दावा किया था कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसद के निचले सदन (लोकसभा) में राहुल शेवाले को शिवसेना नेता के रूप में मान्यता दी है। इसके कुछ घंटे बाद दिल्ली से खबर आई कि शिंदे का दावा सही है, क्योंकि स्पीकर ने शेवाले को शिवसेना के सदन के नेता के रूप में मान्यता दे दी है।

ओम बिड़ला को शिवसेना के दोनों गुटों से लोकसभा में पार्टी नेता और पार्टी के मुख्य सचेतक की नियुक्ति के संबंध में पत्र मिले थे। जिस पर स्पीकर ने शिंदे गुट को मान्यता दी। अभी लोकसभा में शिवसेना के 19 सांसद हैं, जिनमें से 12 शिंदे खेमे में जा चुके हैं। इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे समेत शिवसेना के 12 लोकसभा सदस्यों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की थी और उनसे संसद के निचले सदन में पार्टी के नेता को बदलने का आग्रह किया था।
लोकसभा में पार्टी के नए नेता राहुल शेवाले ने इस पूरे मामले पर कहा उद्धव ठाकरे भाजपा के साथ फिर से जुड़ने के इच्छुक थे, लेकिन अपनी बात से मुकर गए। उन्होंने कहा कि हमने उद्धव ठाकरे से उपराष्ट्रपति पद के लिए मार्गरेट अल्वा का समर्थन नहीं करने के लिए भी कहा था, लेकिन हमारे विचारों को नजरअंदाज कर दिया गया।
वहीं इस पूरे घटना को लेकर शिंदे गुट के सांसद हेमंत गोडसे ने कहा, शिवसेना के 12 लोकसभा सदस्यों ने अध्यक्ष ओम बिड़ला से मुलाकात की और विनायक राउत के स्थान पर राहुल शेवाले को पार्टी के नेता के रूप में नियुक्त करने का अनुरोध किया। विनायक राउत ने सोमवार रात स्पीकर को सौंपे अपने पत्र में यह स्पष्ट किया था कि वह शिवसेना संसदीय दल के "विधिवत नियुक्त" नेता थे और राजन विचारे चीफ व्हिप थे।












Click it and Unblock the Notifications