Maharashtra Civic Polls Results: महाराष्ट्र नगर परिषद चुनाव में महायुति का दबदबा, BJP बनी सबसे बड़ी पार्टी
Maharashtra Municipal Election Results: महाराष्ट्र में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। स्थानीय निकाय चुनावों के रुझानों में सत्तारूढ़ महायुति को साफ बढ़त मिलती दिख रही है। राज्यभर में हुए मतदान के एक दिन बाद रविवार, 21 दिसंबर की सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हो गई थी जिसमें महायुति 211 स्थानीय निकायों में आगे चल रही है।
बता दें कि शनिवार, 20 दिसंबर को मतदान संपन्न हुआ था, लेकिन इसके साथ ही कई इलाकों से हिंसा, फर्जी मतदान और नकदी वितरण जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए, जिसने पूरे चुनावी माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महायुति का दबदबा कायम
महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए वोटों की गिनती जारी है और सभी 288 नगर परिषद सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक सत्तारूढ़ महायुति को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है। महायुति कुल 214 सीटों पर आगे है जिसमें भारतीय जनता पार्टी 130 सीटों पर, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) 51 सीटों पर और एनसीपी (अजीत पवार गुट) 33 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। विपक्षी दलों को अपेक्षाकृत कम सफलता मिली है। महाराष्ट्र विकास अघाड़ी 46 निकायों में बढ़त पर है, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) 14 निकायों में आगे चल रही है।
बीजेपी बनी सबसे बड़ी पार्टी
BJP 130 सीटों पर जीत हासिल कर के सबसे बड़ी पार्टी बनी है। बीजेपी ने बिना मुकाबले ही कुछ सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार धुले जिले की डोंडाइचा नगर परिषद और सोलापुर की अंगार नगर पंचायत में अध्यक्ष और सदस्यों का चुनाव निर्विरोध हो गया है। इसके अलावा जामेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए भी कोई विरोधी उम्मीदवार मैदान में नहीं था, जिससे वहां भी बीजेपी को सीधी जीत मिली है।
कब हुआ था चुनाव?
शनिवार, 20 दिंसबर को महाराष्ट्र की 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्यों के पदों के लिए मतदान हुआ। इसके अलावा 143 रिक्त सदस्य पदों के लिए भी वोट डाले गए। मतदान शाम 5.30 बजे तक चला।
हाई-वोल्टेज मुकाबला, सियासी तनाव
खासतौर पर BMC चुनाव को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच जबरदस्त राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है। "वोट चोरी" के आरोपों और तीखी बयानबाजी के बीच यह चुनाव राज्य की राजनीति की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों की मतगणना के नतीजे न सिर्फ स्थानीय सत्ता का फैसला करेंगे, बल्कि यह भी संकेत देंगे कि आगामी नगर निगम चुनावों में किस पार्टी का पलड़ा भारी रह सकता है। ऐसे में रविवार को आने वाले नतीजों पर पूरे महाराष्ट्र की नजरें टिकी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications