Maharashtra Chunav: MVA में उद्धव का दबदबा बरकरार! मुंबई में सिर्फ इतनी सीटों पर लड़ पाएगी कांग्रेस
Maharashtra Chunav 2024: लोकसभा चुनावों के बाद विधानसभा चुनावों में भी महा विकास अघाड़ी (MVA) में उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) का दबदबा दिखने वाला है। मुंबई की ज्यादातर सीटों पर उद्धव की पार्टी ही अपना उम्मीदवार उतारने जा रही है।
जानकारी के मुताबिक एमवीए नेताओं ने मुंबई की 36 सीटों का मामला लगभग फाइनल कर लिया है और इसमें से ज्यादातर सीटों पर शिवसेना (यूबीटी) अपने उम्मीदवार उतार सकती है। लेकिन, विदर्भ, पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा को लेकर अभी चर्चाओं का दौर जारी है।

MVA में उद्धव का दबदबा बरकरार!
लोकसभा चुनावों में भी शिवसेना (यूबीटी) महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ी थी, जबकि तीन दलों के एमवीए गठबंधन में उसकी स्ट्राइक रेट सबसे खराब रही थी। एमवीए में शिवसेना (यूबीटी) के अलावा कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी (एससीपी) शामिल हैं।
लोकसभा चुनावों में मुंबई की 6 सीटों में से शिवसेना (यूबीटी) 4 सीटों पर लड़ी थी, जिनमें से तीन पर जीती थी। विधानसभा में उसके 36 में से 21 सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना है। जबकि, कांग्रेस को 12 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का अवसर मिल सकता है। वहीं एनसीपी (एससीपी) को 2 सीटें और समाजवादी पार्टी को 1 सीट पर चुनाव लड़ने का अवसर मिल सकता है।
मुंबई की इन सीटों पर कांग्रेस लड़ सकती है चुनाव
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस को मुंबई की जो सीटें मिल सकती हैं, उनमें मलाड, वर्सोवा, मुंबादेवी, धारावी और बांद्रा वेस्ट की सीटें शामिल हैं। वहीं उद्धव की पार्टी को दक्षिण मुंबई की कोलाबा या मालाबार हिल में से एक सीट दी जा सकती है। इनके अलावा सायन या वडाला में से भी एक सीट को लेकर चर्चा चल रही है।
मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) का लोहा मान रहे हैं एमवीए के अन्य दल
कांग्रेस के एक नेता के मुताबिक, 'हम मानते हैं कि उद्धव ठाकरे की पार्टी मुंबई में बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना से लड़ने के लिए ज्यादा फिट हैं। हम अपनी सीटिंग और अपने मजबूत जनाधार वाली सीटें रख रहे हैं।'
उनके मुताबिक कांग्रेस और शरद पवार की पार्टी ने मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के दावों को तो मान लिया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी विदर्भ में ज्यादतर सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। विदर्भ में विधानसभा की 62 सीटें हैं।
एनसीपी (एससीपी) पश्चिम महाराष्ट्र में मजबूत है और वहां वह ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। लेकिन, मराठवाड़ा में तीनों ही दल अपने-अपने लिए दावे कर रहे हैं।
महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटों में से कांग्रेस सबसे ज्यादा 13 सीटों पर जीती थी, वहीं शिवसेना (यूबीटी) को 9 सीटें मिली थीं। जबकि शरद पवार की पार्टी ने 8 सीटों पर चुनाव जीता था। महाराष्ट्र विधानसभा के लिए नवंबर में चुनाव होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications