Bus Accident Buldhana: फडणवीस ने कहा, एक्सप्रेस-वे की क्वालिटी को दोष देना ठीक नहीं
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बुलढाणा जिले में बस दुर्घटना के बाद कहा कि हादसे के लिए सड़कों की खराब गुणवत्ता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। हादसे में 26 लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना हुई। इसकी निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाना इस समय जल्दबाजी होगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार में डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा, ''एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर बोलना सही नहीं है।''

बता दें कि शुक्रवार आधी रात के बाद शनिवार करीब 2 बजे एक्सप्रेस-वे पर बस में आग लग गई। उसमें 33 लोग सवार थे। बस यवतमाल से पुणे जा रही थी। फडणवीस ने कहा, 'हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि सात जीवित बचे।'
उन्होंने कहा कि मृतकों के शव को पहचानने के लिए डीएनए टेस्ट करने की जरूरत पड़ेगी। सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं। फडणवीस ने कहा कि हादसे का कारण मानवीय भूल या टायर फटना भी हो सकता है, अभी जल्दबाजी में कुछ नहीं कह सकता।'
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कदम उठा रही है। हम स्मार्ट सिस्टम भी स्थापित करने की योजना बना रहे हैं, लेकिन इसमें समय लगेगा।''
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने बुलढाणा बस दुर्घटना पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे के रूप में 5 लाख रुपये की घोषणा की है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुलढाणा जिले के सिंदखेड़ाराजा के पास समृद्धि एक्सप्रेस-वे पर एक निजी बस की भीषण दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications