शरद गुट का बड़ा आरोप, बारामती में EVM स्ट्रांग रूम का CCTV कैमरा 45 मिनट तक रहा बंद
महाराष्ट्र में बारामती सीट को लेकर मुकाबला इस बार कड़ा है। लड़ाई ननद और भाभी की बीच फंस गई है। इस बीच राकांपा (सपा) नेता सुप्रिया सुले ने ईवीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ईवीएम स्ट्रांग रूम के सीसीटीवी कैमरे 45 मिनट तक बंद रहे। सुले ने इसके पीछे साजिश की आशंका व्यक्त की है।
महाराष्ट्र की बारामती सीट इस बार हॉट सीट बन गई है। यहां शरद गुट की रांकपा नेता, शरद पवार की बेटी व मौजूदा सांसद सुप्रिया सुले का मुकाबला उनकी भाभी सुनेत्रा पवार से है। इस बीच सुले ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्ट्रांग रूप में ईवीएम को रखा गया था, वहां सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरे को 45 मिनट तक बंद रखा गया। सुले ने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर इसे संदिग्ध घटना बताया और इसे चुनाव आयोग की ओर से एक बड़ी चूक माना।

एक्स पर एक पोस्ट में सुले ने कहा, "बारामती लोकसभा क्षेत्र के मतदान के बाद, एक गोदाम में जहां ईवीएम रखी गई हैं, वहां का सीसीटीवी आज सुबह 45 मिनट के लिए बंद कर दिया गया था। यह संदेहास्पद है कि जहां ईवीएम जैसी अति महत्वपूर्ण चीज रखी हुई है वहां सीसीटीवी बंद है। साथ ही, यह एक बड़ी चूक है।"
उन्होंने आगे कहा, "जब चुनाव प्रतिनिधियों ने संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से संपर्क किया, तो कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके अलावा स्ट्रांग रूम में तकनीशियन भी उपलब्ध नहीं है।"
वहीं शरद पवार गुट के राकांपा नेता लक्ष्मीकांत खाबिया ने आरोप लगाया कि बरामती में भारतीय खाद्य निगम का गोदाम को ईसीआई ने ईवीएम स्ट्रांस रूम बनाया है। लेकिन यहां ईवीएम की सुरक्षा का पूरा ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईवीएम स्ट्रांग रूम में सुबह 10.30 से 11.15 बजे के बीच सीसीटीवी बंद कर दिए गए थे।
चुनाव आयोग से मामले में तुरंत एक्शन लेने की मांग की। उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग को तुरंत इस पर ध्यान देना चाहिए और उन कारणों का खुलासा करना चाहिए कि सीसीटीवी क्यों बंद किया गया। इसके अलावा, घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।"
वहीं चुनाव अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रांग रुम परिसर में कुछ बिजली के काम के दौरान कैमरों की एक केबल को थोड़े समय के लिए हटाना पड़ा। बारामती की रिटर्निंग ऑफिसर कविता द्विवेदी ने कहा कि जांच की गई और यह पाया गया कि गोदाम में एक इलेक्ट्रीशियन ने एक केबल हटा दी थी, जिसके कारण डिस्प्ले यूनिट बंद हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications