Kunal Kamra Controversy: जोक पर जांच? कॉमेडियन कुणाल कामरा और महाराष्ट्र विधान परिषद के बीच क्यों छिड़ा विवाद?
Kunal Kamra Controversy: राजनीति और अभिव्यक्ति की आजादी के बीच खिंची रेखा एक बार फिर चर्चा में है। कॉमेडियन कुणाल कामरा और महाराष्ट्र विधान परिषद (Maharashtra Legislative Council) के बीच चल रहा विवाद अभी थमता नजर नहीं आ रहा।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बनाए गए एक पैरोडी गीत को लेकर शुरू हुआ यह मामला अब विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति (Privileges Committee) तक पहुंच गया है, जहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर सुनवाई टालने के आरोप लगा रहे हैं।

वहीं अब देश में यहा सवाल उठने लगा है कि किसी राजनीतिक व्यंग पर इस तरह का खिंचाव या टकराव कहां तक सही है, सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर फ्रीडम ऑफ स्पीच का क्या दायरा होना चाहिए? विस्तार से जानिए क्या है पूरा विवाद और क्यों उठ रहे हैं सवाल....
Kunal Kamra vs Maharashtra Legislative Council का क्या है पूरा विवाद?
कुणाल कामरा अपने राजनीतिक व्यंग्य और सत्ता विरोधी स्टैंड-अप कॉमेडी के लिए जाने जाते हैं। पिछले साल मुंबई के खार इलाके में स्थित यूनिकॉन्टिनेंटल होटल में हुए एक स्टैंड-अप शो के दौरान कामरा ने एकनाथ शिंदे पर तंज कसते हुए एक पैरोडी गीत गाया था। यह गीत शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की फिल्म 'दिल तो पागल है' के एक गाने की धुन पर आधारित था।
इस पैरोडी के जरिए कामरा ने वर्ष 2022 में शिवसेना के विभाजन और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली मूल शिवसेना से एकनाथ शिंदे गुट की बगावत पर कटाक्ष किया था। इस बगावत के चलते महाराष्ट्र की तत्कालीन महाविकास आघाड़ी सरकार गिर गई थी और भाजपा के समर्थन से एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने थे। बाद में चुनाव आयोग ने शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न भी दे दिया।
Kunal Kamra के स्टैंडअप शो के बाद हिंसा और तोड़फोड़
कामरा के इस मजाक के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। शिंदे गुट की शिवसेना के कुछ कार्यकर्ता होटल पहुंचे और कथित तौर पर वहां तोड़फोड़ की। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में तीखी बहस छेड़ दी-क्या यह एक कॉमेडियन की अभिव्यक्ति की आज़ादी है या किसी जनप्रतिनिधि का अपमान?
मामला विधान परिषद तक कैसे पहुंचा?
इस विवाद के बाद भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर ने मार्च 2025 में महाराष्ट्र विधान परिषद में विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव पेश किया। उनका आरोप था कि कुणाल कामरा और शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ "अपमानजनक भाषा" का इस्तेमाल किया, जिससे सदन की गरिमा को ठेस पहुंची।
कामरा के पैरोडी गीत के वायरल होने के बाद बजट सत्र के दौरान विधानसभा और विधान परिषद-दोनों सदनों में इस पर हंगामा हुआ। दरेकर ने कहा कि कामरा ने एक "लोकप्रिय नेता" का अपमान किया है, जो सदन के विशेषाधिकार का उल्लंघन है। शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कामरा का समर्थन किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि जिन लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया, उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इसके बाद अंधारे को भी विशेषाधिकार समिति के नोटिस का सामना करना पड़ा।
कब है सुनवाई की तारीख?
महाराष्ट्र विधान परिषद की नौ सदस्यीय विशेषाधिकार समिति, जिसकी अध्यक्षता भाजपा विधायक प्रसाद लाड कर रहे हैं, ने कुणाल कामरा और सुषमा अंधारे को 5 फरवरी को दोपहर 2 बजे पेश होने के लिए बुलाया था। समिति का कहना है कि दोनों ने उस दिन उपस्थित होने में असमर्थता जताई, जिसके बाद सुनवाई को 17 फरवरी तक के लिए टाल दिया गया।
हालांकि, कुणाल कामरा ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। पुडुचेरी में रहने वाले कामरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट लिखकर कहा कि उन्होंने कभी सुनवाई टालने का अनुरोध नहीं किया।
कुणाल कामरा ने अपने पक्ष में क्या कहा?
कामरा के मुताबिक, उन्हें 23 जनवरी को जारी समन 29 जनवरी को मिला। इसके बाद उन्होंने 30 जनवरी को ईमेल के जरिए समिति को सूचित किया कि वह अपने वकील के साथ सुनवाई में उपस्थित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह बुधवार को मुंबई पहुंचे थे, लेकिन उसी शाम विधान परिषद के एक अधिकारी का फोन आया, जिसमें कहा गया कि सुनवाई स्थगित कर दी गई है।
कामरा ने लिखा, "समिति के पत्र से साफ है कि सुनवाई मेरे अनुरोध पर स्थगित नहीं हुई। फिर भी मीडिया में यह खबर चलाई गई कि मैंने समय मांगा था, जो गलत है।" उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अगली सुनवाई की तारीख की आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है, जबकि मीडिया में 17 फरवरी की तारीख बताई जा रही है।
'एक जोक पर चर्चा' कामरा का तंज
कामरा ने पूरे मामले पर तंज कसते हुए कहा कि नौ सदस्यीय समिति "एक जोक पर चर्चा" करने जा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब कार्यवाही को गोपनीय बताया गया है, तो समिति से जुड़े नोटिस और जानकारियां मीडिया तक कैसे पहुंचीं।
उनका आरोप है कि समिति के अध्यक्ष खुद मीडिया में बयान दे रहे हैं, जो निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। इसी बीच, विशेषाधिकार समिति ने एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता सूर्यकांत मोरे को भी तलब किया है। उन पर विधान परिषद के सभापति राम शिंदे के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। यह नोटिस दिसंबर के शीतकालीन सत्र के दौरान पेश किया गया था।
राजनीति बनाम अभिव्यक्ति की आज़ादी
कुणाल कामरा का मामला अब सिर्फ एक कॉमेडियन और एक नेता के बीच का विवाद नहीं रह गया है। यह सवाल खड़ा करता है कि व्यंग्य और आलोचना की सीमा कहां तक है, और क्या राजनीतिक व्यंग्य को सदन के विशेषाधिकार के दायरे में लाया जाना चाहिए। 17 फरवरी की प्रस्तावित सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि यह विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है।












Click it and Unblock the Notifications