गुरुवार से भक्तों के लिए खुलेगा सिद्धिविनायक मंदिर, दर्शन के लिए करानी होगी प्री बुकिंग
मुंबई, अक्टूबर 06। महाराष्ट्र में मंदिरों को खोले जाने को लेकर जारी बीजेपी के विरोध प्रदर्शन का असर देखने को मिला है। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार ने मंदिरों को खोलने का फैसला लिया और इसकी शुरुआत प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर से हो रही है। सरकार ने 7 अक्टूबर यानि कि कल से सिद्धिविनायक मंदिर को खोलने का ऐलान कर दिया है। माना जा रहा है कि नवरात्रि को भी देखते हुए राज्य सरकार ने ये फैसला लिया है।

भक्तों को दर्शन से पहले करनी होगी प्री बुकिंग
सरकार ने सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन करने से पहले भक्तों के लिए एक गाइडलाइन भी बनाई है, जिसका मंदिर प्रशासन और भक्तों को पालन करना होगा। श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आदेश बांदेकर ने कहा है कि सभी भक्तों को दर्शन करने के लिए प्री बुकिंग करानी होगी, जो मंदिर ट्रस्ट ऐप के माध्यम से होगी। इसके बाद भक्तों को दर्शन से पहले एक क्यूआर कोड जारी किया जाएगा, जिसे दिखाकर ही मंदिर में प्रवेश मिलेगा। आदेश बांदेकर ने बताया कि हर एक घंटे में केवल 250 भक्तों को ही वो क्यूआर कोड जारी किया जाएगा। आदेश बांदेकर ने बताया कि ऐप पर रजिस्ट्रेशन प्रोसेस 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। इसके बाद हर गुरुवार को ऐप पर अगले एक हफ्ते के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा।

कोविड प्रोटोकॉल का रखना होगा ध्यान
इसके अलावा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड प्रोटोकॉल का बहुत ही सख्ती से पालन करना होगा। ये वैसे भी श्रद्धालुओं के लिए जरूरी है, क्योंकि महाराष्ट्र में अभी कोरोना का खतरा पूरी तरह से टला नहीं है, इसीलिए मंदिर प्रशासन ने बिना मास्क के श्रद्धालुओं को एंट्री नहीं देने का फैसला किया है। इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्क्रीनिंग और भक्तों के शारीरिक तापमान की जांच मंदिर में जाने से पहले की जाएगी।

मार्च से बंद था सिद्धिविनायक मंदिर
आपको बता दें कि सिद्धिविनायक मंदिर प्रशासन ने इस साल मार्च से मंदिर को बंद रखने का फैसला किया था। ये वो वक्त था, जब महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर की शुरुआत हो चुकी थी। इसके बाद अगले 2 से 3 महीने महाराष्ट्र के लिए किसी आपदा से कम नहीं थे, लेकिन दूसरी लहर का असर कम होने के बाद बीजेपी लगातार मंदिरों को खोले जाने की मांग कर रही थी, लेकिन कोविड टास्क फोर्स ने सरकार मंदिर नहीं खोलने की सलाह दी थी।
ये भी पढ़ें: मुंबई में तीसरी लहर की आशंका नहीं, 42 लाख लोग फुल वैक्सीनेटेड- BMC












Click it and Unblock the Notifications