परमबीर सिंह के इस खुलासे से महाराष्ट्र की राजनीति में आया भूचाल, उद्धव ठाकरे और शरद पवार पर लगे गंभीर आरोप
मुंबई, जून 21। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और एनसीपी प्रमुख शरद पवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके आरोपों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आना तय माना जा रहा है। दरअसल, परमबीर सिंह ने 100 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के मामले में राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ दायर चार्जशीट में कहा है कि मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाजे को बहाल करने के लिए उन (परमबीर सिंह) पर दबाव डाला गया था।

अनिल देशमुख के बारे में पहले से जानते थे सभी- सिंह
परमबीर सिंह के मुताबिक, उनपर यह दबाव मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृहमंत्री अनिल देशमुख ने डाला था। परमबीर सिंह ने कहा है कि अनिल देशमुख के कृत्यों के बारे में उद्धव ठाकरे, डिप्टी सीएम अजीत पवार और एनसीपी प्रमुख शरद पवार पहले से जानते थे, उन्होंने देशमुख के कुकर्मों के बारे में पहले ही उन्हें जानकारी दे दी थी। आपको बता दें कि विशेष अदालत में सीबीआई की ओर से देशमुख और उनके दो पूर्व सहयोगियों संजीव पलांदे और कुंदन शिंदे के विरुद्ध दायर आरोपत्र में सिंह का बयान शामिल है।
इस वक्त मामले में सरकारी गवाह हैं सचिन वाजे
आपको बता दें कि परमबीर सिंह का यह बयान सीबीआई के समक्ष दर्ज हुआ है और बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे इस मामले में सरकारी गवाह हैं। आपको बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार और अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्हें पद से बर्खास्त कर दिया गया था। परमबीर सिंह ने अपने बयान में बताया है कि जब वो सीएम से मिले थे तो उन्होंने सचिन वाजे को बहाल करने की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications