Maharashtra: काजू कतली के लिए चल गई गोली, दुकान में आग लगाने की भी कोशिश
महाराष्ट्र के पुणे से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, वहां पर दो युवकों ने फ्री में काजू कतली मांगी, जब दुकानदार ने नहीं दी, तो उन्होंने फायरिंग कर दी।

महाराष्ट्र के पुणे में काजू कतली (काजू की बर्फी) के लिए गोलियां चल गईं और दुकानदार की किस्मत अच्छी थी, ऐसे में वो बाल-बाल बच गया। पुणे पुलिस ने घटना में शामिल एक 23 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है। उसके साथ 17 साल का लड़का भी था, उसे भी हिरासत में लिया गया। इस घटना में देसी असलहे का इस्तेमाल हुआ था, उसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सिंहगढ़ रोड थाना क्षेत्र के माणिकबाग इलाके में एक मिठाई की दुकान है। वहां पर दो युवक पहुंचे और उन्होंने काजू कतली मांगी। दुकानदार ने जब उनसे पैसे मांगे तो उन्होंने इनकार कर दिया। वो लगातार फ्री की काजू कतली की मांग करते रहे थे। जब दुकानदार ने उन्हें नहीं दिया, तो उन्होंने हथियार निकाल लिया। जिसको देखकर आसपास मौजूद लोगों की हालत खराब हो गई।
आरोपी ने दुकान के मालिक जोधाराम चौधरी को मारने की धमकी दी, लेकिन वो नहीं झुके। इस पर उसने ट्रिगर दबाया, लेकिन वो मिसफायर हो गया। कुछ वक्त बाद दोनों बाहर निकल आए और फिर एक बार उन्होंने फायर किया, लेकिन इस बार गोली जमीन पर लगी और मालिक बच निकला। इसके बाद वो वहां से फरार हो गए।
चौधरी के मुताबिक दोनों बदमाशों ने उनके ऊपर करीब तीन बार फायर किया, लेकिन गोली नहीं चली। एक बार जब चली तो वो जमीन से टकरा गई। इसके बाद वो वहां से भाग गए और पुलिस को खबर दी।
सीसीटीवी से हुई पहचान
मामले में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोनों आरोपी दुकानदार से एक किलो फ्री काजू कतली मांग रहे थे। जब उसने मना किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। वहां पर लगे सीसीटीवी की पड़ताल करने पर दोनों की पहचान हो गई और पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो देसी पिस्टल बरामद हुई है।












Click it and Unblock the Notifications