Shinde Family: 'दो बच्चों को खोया दुर्घटना में, घर चलाने के लिए चलाया ऑटो, संघर्षों से भरा है शिंदे का जीवन
Eknath Shinde Family: महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आज ठाणे में पीसी करके अपनी स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 'वो बीजेपी के हर फैसले को स्वीकार करेंगे।' शिंदे के इस बयान के बाद अब माना जा रहा है कि बीजेपी महाराष्ट्र के सीएम पद के लिए देवेंद्र फडणवीस के नाम का ऐलान कर सकती है।
मालूम हो कि सियासी उठापटक के बाद साल 2022 में एकनाथ शिंदे ने सीएम की पोस्ट संभाली थी। एक बेहद ही साधारण परिवार से आने वाले शिंदे एक दिन राज्य के मुखिया बन जाएंगे, ये किसी ने स्वप्न में भी नहीं सोचा था। लेकिन इस सफर के पीछे उनका लंबा संघर्ष रहा है।

एकनाथ शिंदे मूल रूप से सतारा के रहने वाले हैं लेकिन रोजी-रोटी की तलाश में उनका परिवार ठाणे आ गया था और फिर यहीं का होकर रह गया। घर का पालन पोषण करने के लिए शिंदे ने पढ़ाई बीच में छोड़कर ऑटो चलाने के लिए विवश होना पड़ा था।
दो बच्चों को नौका हादसे में खोया, परिवार पर टूटा था दुखों का पहाड़
अपने पारिवारिक जीवन में शिंदे ने ना केवल आर्थिक कष्ट सहा बल्कि कुदरत का एक क्रूर मजाक भी उन्हें सहना पड़ा। बात साल 2000 की है जब उन्होंने अपने दो बच्चों ( एक बेटा और एक बेटी) को नौका दुर्घटना में खो दिया था। इस सदमे से उबरने में उन्हें और उनके परिवार को काफी लंबा वक्त लगा है, हालांकि आज भी वो इस दर्द से पूरी तरह से बाहर नहीं निकल पाए हैं।
तीसरे जीवित बच्चे का नाम श्रीकांत शिंदे है
उनके तीसरे जीवित बच्चे का नाम श्रीकांत शिंदे है, जो कि एक आर्थोपेडिक सर्जन हैं, श्रीकांत शिंदे, ने भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए राजनीति में कदम रखा। वो 2014 से कल्याण निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए सांसद चुने गए हैं (2019 और 2024 में फिर से चुने गए।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीसी में कही ये बात
महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री को लेकर जारी सस्पेंस के बीच एकनाथ शिंदे ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लिए गए किसी भी फैसले का समर्थन करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा, 'मैंने कल प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को फोन करके बताया कि मैं सरकार बनाने में कोई समस्या नहीं पैदा करूंगा, उनकी पार्टी शिवसेना महायुति गठबंधन द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए किसी भी उम्मीदवार का समर्थन करेगी।महायुति द्वारा जो भी मुख्यमंत्री चुना जाएगा, उसे शिवसैनिकों का पूरा समर्थन मिलेगा।'












Click it and Unblock the Notifications