महाराष्ट्र के एजुकेशन सिस्टम पर शरद पवार ने उठाए सवाल तो क्या बोले डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र में एजुकेशन की इंडेक्स रेटिंग पर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में शिक्षा का स्तर ठीक है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने बताया कि राज्य शिक्षा के विभिन्न इंडेक्सों पर प्रगति कर रहा है, जबकि एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने केंद्रीय ग्रेडिंग सूचकांक के अनुसार राज्य के प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त की है। देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को इस बात पर जोर दिया कि महाराष्ट्र शिक्षा के मोर्चे पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
शरद पवार ने कहा कि केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स 2.0 जारी किया है, जिससे पता चलता है कि महाराष्ट्र दूसरे स्थान से फिसलकर सातवें स्थान पर आ गया है। ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाराष्ट्र शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने में विफल रहा है।

जब इस मुद्दे के बारे में डिप्टी सीएम फडणवीस से पूछा तो उन्होंने कहा कि मूल्यांकन प्रणाली में 10 ग्रेड का उपयोग किया गया है। पहले पांच ग्रेड में किसी भी राज्य ने जगह हासिल नहीं की है। पंजाब और चंडीगढ़ छठी श्रेणी में हैं और महाराष्ट्र सातवें में है। इसका मतलब है महाराष्ट्र वास्तव में दूसरे स्थान पर है। पंजाब, राजस्थान और गुजरात को छोड़कर, महाराष्ट्र आगे बढ़ रहा है। स्थिति ऐसी नहीं है कि महाराष्ट्र इन मोर्चों पर पिछड़ गया है। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती महा विकास अघाड़ी (सरकार) के कार्यकाल के दौरान इसके लिए एक सर्वेक्षण किया गया था।
डिप्टी सीएम फडणवीस ने कहा कि लेकिन सत्ता में कौन था, ये महत्वपूर्ण नहीं है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार समूह) सहित विपक्षी खेमे ने रविवार को सोमवार से शुरू होने वाले राज्य विधानमंडल के मानसून सत्र की पूर्व संध्या पर महाराष्ट्र सरकार की आयोजित पारंपरिक चाय पार्टी का बहिष्कार किया।
चाय पार्टी में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य कैबिनेट सहयोगियों ने भाग लिया, जिनमें एनसीपी के नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और उनके खेमे के मंत्री भी शामिल थे।
इससे पहले दिन में विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे, जो शिवसेना (यूबीटी) से हैं, की एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें कांग्रेस विधायक दल के नेता बालासाहेब थोराट और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जयंत पाटिल ने भाग लिया था।
गौरतलब है कि हाल ही में एनसीपी के अजित पवार के इस्तीफा देने और उपमुख्यमंत्री के रूप में शिवसेना-भाजपा सरकार में शामिल होने के बाद विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद खाली है। अजित पवार के खेमे के आठ अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications