Cyclone Shakti हुआ विकराल, 100 km प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा, IMD के हाई-अलर्ट पर महाराष्ट्र
Cyclone Shakti: चक्रवाती तूफान 'शक्ति' ने भयंकर रूप ले लिया है। शनिवार को इसने 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलानी शुरू कर दीं, जिससे समुद्र में हलचल तेज हो गई। चक्रवाती तूफान 'शक्ति' के कारण अरब सागर में उथल-पुथल मची हुई है। गुजरात तट के पास अरब सागर विशेष रूप से अशांत हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मछुआरों को मंगलवार तक उत्तर-पश्चिमी अरब सागर, उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर, मध्य अरब सागर और गुजरात-उत्तरी महाराष्ट्र तटों पर न जाने की सलाह दी है।
अधिकारियों ने बताया कि यह अरब सागर में मानसून के बाद का पहला चक्रवाती तूफान है, जिसका नाम 'शक्ति' श्रीलंका ने सुझाया है। वर्तमान में, यह तूफान गुजरात के द्वारका के पास पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में अरब सागर में आगे बढ़ रहा है।

लोगों को किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार तक गुजरात, उत्तरी महाराष्ट्र और पाकिस्तान के तटीय इलाकों में समुद्र अशांत रहेगा, जिसके मद्देनजर तटीय क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 'शक्ति' तूफान अभी गुजरात के द्वारका से 420 किलोमीटर और पाकिस्तान के कराची से 290 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम दिशा में केंद्रित है।
महाराष्ट्र में जारी किया हाई अलर्ट
हाल ही में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित मुंबई के लिए आईएमडी ने एक बार फिर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि यह रविवार तक पश्चिम-मध्य अरब सागर पहुंचेगा और सोमवार को उत्तर-पूर्वी दिशा की ओर मुड़ जाएगा। इस तूफान के मद्देनजर महाराष्ट्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है, जिससे उत्तरी महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। तटीय क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र के कौन से जिले होंगे प्रभावित?
आईएमडी ने जिन जिलाें के अलर्ट जारी किया है उनमें मुंबई ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे जिले शामिल हैं। 3 से 7 अक्टूबर के बीच मध्यम से उच्च श्रेणी की चक्रवात चेतावनी जारी की गई है। 3 से 5 अक्टूबर के बीच उत्तरी महाराष्ट्र तट पर हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग ने मराठवाड़ा और पूर्वी विदर्भ के आंतरिक हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, उत्तरी कोंकण के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा भी है।
मुंबई में होगी भारी बारिश
'शक्ति' तूफान के प्रभाव से मुंबई में भी भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर तक महाराष्ट्र के ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।
तटीय इलाकों में 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी
4 से 5 अक्टूबर के बीच उत्तरी महाराष्ट्र तट पर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, और इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने उत्तरी कोंकण जिलों में बाढ़ के खतरे का भी संकेत दिया है।
पालघर में होगी बारिश
पालघर में 4 से 7 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि 8 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 6 अक्टूबर के बाद उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने पर यह प्रणाली धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगी।
गुजरात में जारी किया अलर्ट
गुजरात के द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा नगर हवेली में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र और गुजरात में आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, क्योंकि मौसम विभाग ने इन राज्यों पर 'शक्ति' तूफान के गंभीर प्रभाव की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए रविवार तक उत्तर-पश्चिमी और इससे सटे पश्चिम-मध्य अरब सागर तक पहुंच सकता है। इसके बाद, सोमवार सुबह से यह पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़कर धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा।
माना जा रहा है कि तूफान फिलहाल दक्षिण-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है, लेकिन सोमवार तक यह उत्तर-पूर्व की ओर मुड़कर धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। आईएमडी ने तमिलनाडु के कई जिलों में भी तूफान के खतरे की सूचना दी है, जहां मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
शनिवार सुबह तक, 'शक्ति' गुजरात के द्वारका से लगभग 420 किलोमीटर दूर अरब सागर में केंद्रित था। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुजरात-उत्तर महाराष्ट्र तट और पाकिस्तान तट पर समुद्र की स्थिति को रविवार तक बेहद खराब रहने की चेतावनी दी है।IMD अहमदाबाद के अभिमन्यु चौहान ने बताया कि 6 अक्टूबर की सुबह चक्रवात 'शक्ति' पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में मुड़ जाएगा, जिससे गुजरात पर इसका प्रभाव न्यूनतम रहेगा। हालांकि, 8 अक्टूबर को द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा नगर हवेली सहित गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications