महाराष्ट्र में बढ़ा ओमिक्रॉन का खतरा: क्रिसमस, नए साल को लेकर जारी होगी नई गाइडलाइंस
महाराष्ट्र में बढ़ा ओमिक्रॉन का खतरा: आज जारी होंगी नई गाइडलाइंस
मुंबई, 24 दिसंबर: राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते महाराष्ट्र सरकार की ओर से नई पाबंदियों का ऐलान हो सकता है। कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट के प्रसार को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार आज (शुक्रवार) नई गाइडलाइन जारी करेगी। क्रिसमस और नए साल के अवसरों को ध्यान में रखते हुए ये गाइडलाइन जारी की जाएगी। बताया गया है कि राज्य सरकार की ओर से क्रिसमस और नए साल पर बड़े समारोहों पर रोक का ऐलान किया जाएगा।

महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों में कोरोनो वायरस के मामलों में काफी तेजी देखने को मिली है। आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली और महाराष्ट्र में ओमाइक्रोन मामलों की संख्या सबसे अधिक है। ऐसे में इसको लेकर महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार ने नए दिशा निर्देश जारी करने का फैसला लिया है।
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के मामले 88 हुए
महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,179 नए मामले सामने आए, जिनमें से 23 मामले ओमिक्रॉन के हैं। ओमिक्रॉन के 23 नए मरीजों में से 18 ने वैक्सीन की दोनों डोज ली हैं। राज्य में ओमिक्रॉन के मामलों की संख्या अब 88 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 66,53,345 हो गई है। वहीं संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1,41,392 है। महाराष्ट्र में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 7,897 है।
दिल्ली में भी नए साल की पार्टियों पर रोक
राजधानी दिल्ली में बुधवार को ही कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट के प्रसार को देखते हुए क्रिसमस और नए साल के दौरान पार्टी करने यानी सामूहिक समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया है। डीडीएमए ने सभी जिलाधिकारियों और डिस्ट्रिक्ट डीसीपी को सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि राजधानी में क्रिसमस या नए साल पर कोई जमावड़ा नहीं हो। इस दौरान ऐसे किसी भी ईवेंट की अनुमति ना दी जाए जहां लोगों के बड़े पैमाने पर जुटने की संभावना हो।












Click it and Unblock the Notifications