नागपुर में EVM ले जा रही गाड़ी पर हमला, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़
Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को स्ट्रांग रूम ले जा रही एक कार पर हमला कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कार में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को स्ट्रांग रूम ले जाया जा रहा था।
तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईवीएम को स्ट्रांग रूम ले जा रही एक कार पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस इस बात पुष्टि की है कि हमले में क्षतिग्रस्त होने से बची ईवीएम का इस्तेमाल मतदान में नहीं किया गया था और इसे स्टैंडबाय पर रखा गया था। पीटीआई की खबर के मुताबिक, यह घटना मध्य नागपुर निर्वाचन क्षेत्र के किला क्षेत्र में घटी है।

दरअसल, मतदान अधिकारी बूथ संख्या 268 से ईवीएम को कार में भरकर निर्धारित स्ट्रांग रूम में ले जा रहे थे। तभी विपक्षी पार्टी के सदस्यों ने आरोप लगाया कि ईवीएम को दस्तावेज छापने के लिए फोटोकॉपी की दुकान पर ले जाया जा रहा था और उन्होंने मशीनों को संभालने में प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर चुनाव दल के अधिकारियों से सवाल पूछना शुरू कर दिया।
इससे तनाव तेजी से बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, वाहन को कुछ व्यक्तियों के समूह ने रोका और चिंता जताई कि ईवीएम प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया जा रहा है। जैसे-जैसे तनाव बढ़ता गया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक कार में बैठे अधिकारियों पर भी हमला किया गया, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की।
स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को स्थिति के बारे में सूचित किया। कोतवाली पुलिस स्टेशन के अधिकारी तुरंत पहुंचे और ईवीएम और मतदान अधिकारियों को सुरक्षित वहां से निकाला गया। इसके बाद वाहन और उसमें मौजूद सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे मामले की गहन जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। इस बीच, भाजपा और कांग्रेस के नेता आनन-फानन में कोतवाली थाने पहुंचे, जहां उनके बीच इस घटना को लेकर तीखी बहस हुई।












Click it and Unblock the Notifications