कौन हैं ये कांग्रेस नेता जिन्होंने 'ऑप्रेशन सिंदूर' को बताया 'बच्चों का Video गेम'? शिवसेना ने कहा-ओछे लोग
Nana Patole: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए Operation Sindoor को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए 'ऑप्रेशन सिंदूर' को 'बच्चों का वीडियो गेम' करार दिया है।
पटोले ने कहा, 'पहलगाम में हमला होता है, हमारे जवान और निर्दोष नागरिक शहीद होते हैं, और सरकार सिर्फ दिखावे के ऑपरेशन में लगी है। क्या यह कोई वीडियो गेम है? आखिरकार इतने दिन हो गए, आतंकी अब तक पकड़े क्यों नहीं गए?'

'सिर्फ प्रचार, जमीन पर नतीजे नहीं'
पटोले ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और बीजेपी केवल कैमरे के सामने दिखावे की कार्रवाई कर रही है, लेकिन आतंकियों को पकड़ने या खत्म करने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा, 'हर बार हमले के बाद एक नाम दे दिया जाता है - सर्जिकल स्ट्राइक, ऑपरेशन ब्लू, अब ऑप्रेशन सिंदूर लेकिन नतीजा क्या निकला? आज भी पहलगाम में हमले के मास्टरमाइंड खुले घूम रहे हैं।'
शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना (Nana Patole)
नाना पटोले ने हमले में शहीद हुए जवानों और नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा, "हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए लेकिन सरकार को इस पर गंभीरता से काम करना चाहिए, सिर्फ मीडिया मैनेजमेंट से नहीं चलेगा।"
लोग सिर्फ प्रतीक्षा कर रहे हैं: विपक्ष
नाना पटोले का यह बयान उस वक्त आया है जब केंद्र सरकार ने दावा किया है कि 'ऑप्रेशन सिंदूर' के तहत सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है लेकिन विपक्ष का कहना है कि असली नतीजे अभी तक सामने नहीं आए हैं और लोग सिर्फ प्रतीक्षा कर रहे हैं।
ओछी मानसिकता के शिकार हैं कांग्रेस नेता Nana Patole
कांग्रेस नेता नाना पटोले द्वारा 'ऑप्रेशन सिंदूर' की तुलना 'बच्चों के वीडियो गेम' से करने पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, 'केवल नाना पटोले जैसी ओछी मानसिकता और ओछी सोच ही यह सुझाव दे सकती है कि ऑपरेशन सिंदूर एक वीडियो गेम था। बेतुकी टिप्पणियां करना और झूठी कहानियां गढ़ना कांग्रेस पार्टी की पुरानी आदत है। ऑपरेशन सिंदूर भारत सरकार द्वारा आतंकवाद को खत्म करने का एक ठोस प्रयास था।'
राहुल गांधी वीडियो गेम खेलते हैं: संबित पात्रा (Nana Patole)
कांग्रेस नेता नाना पटोले द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की तुलना 'बच्चों के वीडियो गेम' से करने पर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि 'नाना पटोले जिन बच्चों की बात कर रहे हैं, वे कौन हैं? भारतीय सशस्त्र बल? क्या ब्रह्मोस मिसाइलें जो दागी गईं, वे वीडियो गेम का हिस्सा थीं? राहुल गांधी वह बच्चा है जिसकी वे बात कर रहे थे, जो दिन-रात वीडियो गेम खेलता है। यही कारण है कि ऑपरेशन सिंदूर जैसा जरूरी मुद्दा उनकी पार्टी के नेताओं को वीडियो गेम जैसा लगता है। राहुल गांधी से कहिए कि वे वीडियो गेम न खेलें बल्कि अपने आसपास हो रही घटनाओं को लेकर गंभीर रहें।
कौन हैं नाना पटोले? (Nana Patole)
- नाना पटोले का जन्म 5 जून 1963 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले के भंडारा क्षेत्र में हुआ था।
- नाना फल्गुनराव पटोले को नानाभाऊ के नाम से भी जाना जाता है।
- वो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के सदस्य और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष हैं।
- नाना पटोले ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी (BJP) से की थी।
- वे 1999 में पहली बार विधायक चुने गए।
- इसके बाद 2004 और 2009 में भी उन्होंने विधानसभा चुनाव जीता।
- वर्ष 2014 में उन्होंने भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट से BJP के टिकट पर चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत हासिल की लेकिन जल्द ही वे पार्टी की नीतियों से असंतुष्ट हो गए, खासकर किसानों के मुद्दों पर सरकार की चुप्पी से।
- 2017 में उन्होंने भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया।
- इसके बाद 2019 में वे फिर से विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने और कांग्रेस ने उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया।
- 2021 में नाना पटोले को महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
- 2024 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, नाना पटोले की कुल संपत्ति करीब 5 करोड़ रुपये के आसपास है।












Click it and Unblock the Notifications