Monsoon Updates: कहां अटक गया समय से पहले केरल पहुंचने वाला मानसून? कब होगी दिल्ली में बारिश?
Weather Forecast: कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक गर्मी का तांडव जारी है, दिल्ली-राजस्थान में आसमान आग उगल रहा है, ऐसे में सबके मन में यही सवाल चल रहा है कि वक्त से पहले केरल में दस्तक देने वाला मानसून आखिर कहां अटक गया है?
क्यों पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी की गिरफ्त में हैं? क्यों पारा 50 डिग्री पहुंच गया है? आपको बता दें कि इन सारे सवालों का जवाब अब मौसम विभाग ने दिया है।

IMD और स्काईमेट वेदर दोनों के मुताबिक 29 मई से रुका हुआ दक्षिण-पश्चिम मानसून 14 जून के आसपास अपनी उत्तर की ओर यात्रा फिर से शुरू करने के लिए तैयार है।
मध्य और पूर्वी भारत में बारिश बढ़ने की उम्मीद
बंगाल की खाड़ी में बन रहे मजबूत सिस्टम से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश बढ़ने की उम्मीद है, जिससे उत्तरी क्षेत्रों में चल रही भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। बारिश की प्रणाली वर्तमान में पश्चिम में मुंबई और पूर्व में सिक्किम-उप हिमालयी पश्चिम बंगाल में सक्रिय है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम से बढ़ेगी बारिश (Monsoon)
मानसून के पुनरुत्थान का कारण बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे कई मौसम सिस्टम हैं। स्काईमेट वेदर सर्विसेज के अध्यक्ष जी.पी. शर्मा ने कहा कि दो मानसून सिस्टम, जिनमें से एक अभी भी विकसित हो रहा है, उन क्षेत्रों में बारिश को फिर से सक्रिय करेंगे जहां मानसून पहले ही पहुंच चुका है।
कोंकण और गोवा में भारी बारिश की आशंका (Monsoon)
इससे तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश होगी तो वहीं इसकी वजह से सप्ताहांत तक कर्नाटक, कोंकण और गोवा में भारी बारिश होने की संभावना है।
कब होगी दिल्ली में बारिश? (Monsoon)
IMD ने कहा कि मानसून के 14 जून तक मध्य और पूर्वी भारत में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हो रही हैं। आज शाम से ही दिल्ली और आस-पास के इलाकों में परिवर्तन देखने को मिलेगा। "हॉट एंड ह्यूमिड कंडीशन" के जरिए दिल्ली में देर शाम तक आंधी-पानी की संभावना नजर आ रही है। 13 से 15 जून के बीच तेज हवाएं चलेंगी और तापमान में गिरावट होगी, ये 37-41 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications