अस्पताल में घायल गोविंदा से सीएम एकनाथ शिंदे ने की बात, फोन कर जाना हेल्थ अपडेट, डॉक्टर्स को दिए खास निर्देश
Actor Govinda News: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार (01 अक्टूबर ) को अभिनेता और शिवसेना नेता गोविंदा से फोन पर बात की। उन्होंने गोविंदा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसी के साथ सीएम शिंदे ने डॉक्टर्स को भी खास निर्देश दिए।
दरअसल, गोविंदा मंगलवार सुबह एक बड़े हादसा का शिकार हो गए। लाइसेंसी रिवॉल्वर की सफाई करते वक्त गलती से गोली चल गई, जो उनके पैर में जा लगी, जिसके बाद उनको घायल अवस्था में अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां वो खतरे से बाहर हैं।

सीएम शिंदे ने किया फोन
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इसे लेकर एक बयान जारी किया गया है। सीएमओ ने बताया, "महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने फोन पर एक्टर गोविंदा से बातचीत की और उनका हालचाल लिया।' सीएम के हवाले से कहा गया, "मैंने राज्य सरकार और जनता की ओर से उनके जल्द और पूरी तरह से स्वस्थ होने की कामना की।"
मुख्यमंत्री ऑफिस के अनुसार मुख्यमंत्री ने अस्पताल के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया कि गोविंदा को उनके ठीक होने के दौरान सर्वोत्तम संभव देखभाल मिले। सीएम ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि वे गोविंदा को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएं, और वह शीघ्र स्वस्थ हो सकें, ऐसा सुनिश्चित करें।
'कठिन समय में परिवार और फैंस के साथ'
बयान में आगे कहा गया है, "गोविंदा और उनके परिवार को इस कठिन समय में सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया गया है। हमारी प्रार्थनाएं उनके और उनके प्रियजनों के साथ हैं। गोविंदा भारतीय सिनेमा में एक लोकप्रिय और सम्मानित व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अपने अभिनय से लाखों लोगों को खुश किया है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
ऑपरेशन कर निकाली गोली, आईसीयू में गोविंदा
बता दें कि गोविंदा को पैर में गोली लगने के बाद मुंबई के क्रिटिकेयर एशिया में भर्ती कराया गया था। यह घटना मंगलवार की सुबह हुई जब अभिनेता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर की सफाई कर रहे थे। हादसे के बाद गोविंदा की सर्जरी की गई और गोली को निकाल लिया गया। फिलहाल एक्टर अस्पताल के आईसीयू वार्ड में हैं। जिसकी जानकारी खुद गोविंदा ने वॉइस नोट के जरिए दी है।












Click it and Unblock the Notifications