Maharashtra Politics: क्या श्रीकांत शिंदे बनेंगे डिप्टी सीएम? एकनाथ शिंदे ने दिया जवाब
Maharashtra News: महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को अपने बेटे श्रीकांत शिंदे को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस बारे में वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चाएं जारी हैं और अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
शिंदे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "चर्चाएं अभी भी चल रही हैं, और कई लोग अलग-अलग बातें कर रहे हैं। मुख्य रूप से पत्रकार इस तरह की चर्चाओं को उठाते हैं। हमने अमित शाह से मुलाकात की है और एक और बैठक मुंबई में अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस के साथ होगी। हम इस पर विस्तार से चर्चा करेंगे और फिर निर्णय लिया जाएगा। हम जनता के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने हमें बड़ी जनादेश के साथ चुना है।"

पदों के महत्व को कमतर बताया
महायुति गठबंधन ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल की, जिसमें 288 सीटों में से 230 सीटें जीतीं। भाजपा ने रिकॉर्ड 132 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी, जबकि शिंदे शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को क्रमशः 57 और 41 सीटें मिलीं।
शिंदे ने राजनीतिक दबाव की बातें खारिज करते हुए सरकार में पदों के महत्व को कमतर बताया। "चर्चाओं के बाद कई सवालों का हल निकल आएगा। लोग हमें उनके लिए काम करने के लिए चुनते हैं। कौन कौन से पद पर बैठेगा, यह ज्यादा महत्वपूर्ण नहीं है। हमारा कर्तव्य है कि हम अपने वादों को पूरा करें," उन्होंने कहा।
BJP ही तय करेगी मुख्यमंत्री का नाम
महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को साफ किया कि वह व्यस्त चुनाव कार्यक्रम के बाद आराम करने के लिए सतारा में अपने पैतृक गांव गए थे। उन्होंने ये भी कहा कि वह 'अब ठीक हैं।' दिल्ली में भाजपा नेताओं के साथ हाई लेवल बैठक से लौटने के बाद शिवसेना नेता शुक्रवार को अपने पैतृक गांव गए थे। अटकलें लगाई जा रही थीं कि शिंदे मुख्यमंत्री पद के फैसले से नाराज हैं। हालांकि, बाद में सेना के एक नेता ने अफवाहों को खारिज कर दिया और कहा कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के पूर्ण समर्थन में हैं।
शिंदे अपने पैतृक गांव जाने के बाद बीमार पड़ गए थे, सेना के नेता बुखार और गले में इंफेक्शन से पीड़ित थे। सतारा में पत्रकारों से बात करते हुए, शिंदे ने कहा, "मैं अब ठीक हूं। मैं व्यस्त चुनाव कार्यक्रम के बाद आराम करने के लिए यहां आया था, मैंने सीएम के रूप में अपने 2.5 साल के कार्यकाल के दौरान कोई छुट्टी नहीं ली। लोग अभी भी यहां मिलने के लिए आ रहे हैं। मैं इसलिए बीमार पड़ गया,यह सरकार लोगों की बात सुनेगी।"
BJP के फैसले का समर्थन करेंगे शिंदे
उन्होंने भगवा पार्टी के नेतृत्व को अपने "बिना शर्त समर्थन" देने की बात दोहराई और कहा कि वह उनके फैसले का समर्थन करेंगे। शिंदे ने कहा कि पिछले 2.5 सालों में महाराष्ट्र में उनकी सरकार का काम "इतिहास में सुनहरे अक्षरों" में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा, "यही कारण है कि लोगों ने हमें ऐतिहासिक जनादेश दिया है और विपक्ष को विपक्ष का नेता चुनने का मौका नहीं दिया... महायुति के तीनों सहयोगियों के बीच अच्छी समझ है।" शिंदे ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के सीएम उम्मीदवार का फैसला कल, सोमवार 2 दिसंबर को किया जाएगा।
शिंदे के डॉक्टर ने क्या बताया?
शिंदे को कथित तौर पर शनिवार को तेज बुखार हो गया था और इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम ने उनकी जांच की। उनके पारिवारिक डॉक्टर आरएम पार्टे ने न्यूज चैनलों को बताया कि कार्यवाहक सीएम को बुखार और गले में संक्रमण है। न्यूज एजेंसी PTI ने डॉ. पार्टे के हवाले से कहा, "उन्हें दवाएं दी गई हैं और IV (दवा के लिए इंट्रा-वेनस थेरेपी) पर रखा गया है। वह दो दिनों में बेहतर महसूस करेंगे। वह रविवार को मुंबई के लिए रवाना हो रहे हैं।" शिंदे के एक करीबी सहयोगी ने कहा था कि वह काफी समय से खराब मौसम की चपेट में हैं, जिसके कारण शनिवार को उन्हें बुखार आ गया।
5 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह
महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आजाद मैदान में होगा, BJP के राज्य प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को ये जानकारी दी। इसके बाद NCP प्रमुख अजीत पवार ने खुलासा किया कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा BJP को मिलेगा, जबकि दो डिप्टी सीएम का पद शिवसेना और उनकी पार्टी को मिलेगा।
यह भी पढ़ें CG: अंबिकापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, 5 युवकों की मौत












Click it and Unblock the Notifications