मुंबई में बढ़ा प्रदूषण तो एक्शन में दिखे CM शिंदे, मेगा प्लान में बताया कैसे पाएंगे इसपर काबू
Mumbai Air Pollution CM Eknath Shinde: महाराष्ट्र के मुंबई में पिछले कई दिनों से वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी देखी गई है। अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में बढ़े प्रदूषण को लेकर मेगा प्लान बनाया है और कमिश्नर, एमएमआरडी और अन्य अधिकारियों को इससे निपटने के निर्देश दिए हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि, "पिछले कुछ दिनों में मुंबई में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इसलिए, मैंने कमिश्नर, एमएमआरडी और अन्य के साथ एक विशेष बैठक की। उन्हें निर्देश दिए गए कि मुंबई में प्रदूषण के स्तर को कम करना है।"

सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, 'मैंने अधिकारियों को जनशक्ति को आउटसोर्स करने, अधिक टीमें तैनात करने, सड़कों को पानी से साफ करने, सड़कों से मलबा हटाने के निर्देश दिया है। इसलिए, मैंने कमिश्नर से कहा कि 1000 टैंकर किराए पर लें, सड़कों को वैकल्पिक दिनों में साफ किया जाए, धूल हटाई जाए।''
सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, 'हमने एंटी-स्मॉग गन, का भी इस्तेमाल किया है और इसके साथ ही जेटिंग मशीन का भी उपयोग किया जा रहा है। मैं देख रहा हूं कि निगम के कर्मचारी आज सड़कों पर हैं और काम कर रहे हैं...अगर जरूरत पड़ी तो हम क्लाउड सीडिंग भी करेंगे, दुबई की एक कंपनी के साथ एमओयू साइन किया जाएगा। सरकार और निगम मुंबई में प्रदूषण को कम करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।"
सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह मुंबई में हवा की गुणवत्ता 106 के समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के साथ 'मध्यम' श्रेणी में बनी रही। लेकिन पिछले महीने एक्यूआई गंभीर श्रेणी में भी चली गई थी। हालांकि शहर में हवा की गुणवत्ता में सुधार के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए लग रहे हैं, जबकि पिछले कुछ दिनों से शहर में हवा में धुंध देखी जा रही है।''












Click it and Unblock the Notifications