Railway News: इस लाइन पर रहेगा 27 घंटे का मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें होंगी प्रभावित
सेंट्रल रेलवे (Central Railway) के मुंबई जोन ने अगले हफ्ते मेगा ब्लॉक की घोषणा की है, जिसके तहत करीब 27 घंटे तक रेल यातायात बाधित रहेगा। मामले मे सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ शिवाजी सुतार ने कहा कि 19 और 20 नवंबर तक मेगाब्लॉक रहेगा, जो रात को 11 बजे शुरू होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए भायखला से ठाणे के बीच कुछ उपनगरीय ट्रेनें (सबअर्बन ट्रेनें) चलेंगी।

दरअसल उपनगरीय लाइन पर सीएसएमटी और मस्जिद बंदर के बीच एक पुराना कार्नेक ब्रिज है, जो ब्रिटिश काल में बनाया गया था। रेलवे ने अब इसको ध्वस्त करने की तैयारी कर ली है। जिसके तहत 19 नवंबर की रात से 27 घंटे के मेगा ब्लॉक की घोषणा हुई। रेलवे के मुताबिक सेंट्रल जोन के अप और डाउन स्लो के साथ-साथ फास्ट लाइनों पर ब्लॉक 19 नवंबर को रात 11 बजे से शुरू होकर 20 नवंबर को शाम 4 बजे तक चलेगा। अप और डाउन हार्बर लाइन पर ब्लॉक 19 नवंबर को रात 11 बजे से शुरू होगा, जो अगले दिन रात 8 बजे तक रहेगा। वहीं यार्ड लाइन पर ब्लॉक 19 नवंबर को रात 11 बजे से अगले दिन सुबह 2 बजे (2 AM) तक रहेगा।
रेलवे के मुताबिक मेन लाइन पर अप और डाउन उपनगरीय सेवाएं भायखला, परेल, दादर और कुर्ला स्टेशनों पर शॉर्ट टर्मिनेट/शुरू होंगी। उपनगरीय ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, कुर्ला से ठाणे और उससे आगे के बीच कम फ्रीक्वेंसी पर चलाई जाएंगी। वहीं हार्बर लाइन पर अप और डाउन उपनगरीय सेवाएं वडाला रोड स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट/शुरू होंगी। इस मेगा यातायात ब्लॉक के कारण, पुणे, दादर और पनवेल जंक्शनों पर लंबी दूरी की कई ट्रेनों को रद्द या शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications