'मुंबई छीनने वाले को हम खत्म कर देंगे', 20 साल बाद साथ आए ठाकरे ब्रदर्स ने किया ऐलान, जानिए क्यों हुए थे अलग?
BMC Elections 2026: उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने 24 दिसंबर 2025 को औपचारिक गठबंधन का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में करारी हार का सामना करने के बाद ठाकरे ब्रदर्स ने मुंबई में बीएमसी समेत 29 नगर निगम चुनाव साथ लड़ेंगें। 15 जनवरी को होने वाले महानगपालिका चुनावों के लिए यह राजनीतिक तालमेल अहम माना जा रहा है।
खास बात ये है कि ठाकरे ब्रदर्स के एक साथ आने की घोषणा बाला साहेब ठाकरे यानी उद्धव के दिवंगत पिता और राज ठाकरे के चाचा के पोस्टर के नीचे हुई। इस पोस्टर में उद्धव या राज ठाकरे की कोई तस्वीर नहीं थी। बल्कि, केवल बालासाहेब ठाकरे का चेहरा ही दोनों के पार्टी सिंबलों के साथ प्रमुखता से दर्शाया गया था।

ठाकरे ब्रदर्स बोले- 'दिल्ली में बैठे दो लोगों को रोकना है'
मुंबई में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस ने ठाकरे ब्रदर्स ने दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा करते हुए बड़े दावे किए। लगभग 20 साल बाद एक साथ आए ठाकरे बंधुओं ने हुंकार भरते हुए कहा, "हमारे गठबंधन का लक्ष्य 'दिल्ली में बैठे दो लोगों को रोकना' है।" हम एकसाथ रहने के लिए साथ आए हैं, हमारी सोच एक है।"
उद्धव ठाकरे ने दी चेतावनी
उद्धव ने चेतावनी दी, "दिल्ली में बैठे लोग हमें तोड़ रहे हैं, इस बार हमें नहीं टूटना है, ऐसा हुआ तो बलिदान का अपमान होगा।" साथ ही भाजपा के असंतुष्टों को भी खुला निमंत्रण दिया, "जो भाजपा में हो रहा है उसे बर्दाश्त नहीं कर सकते, वे भी हमारे साथ आ सकते हैं।"
'मुंबई छीनने वाले को हम खत्म कर देंगे'
गठबंधन पर बोलते हुए, उद्धव ठाकरे ने कहा, "हम साथ रहने के लिए एक साथ आए हैं। हम उन लोगों को खत्म कर देंगे जो मुंबई को छीनना चाहते हैं।" मराठी समुदाय से अपील करते हुए ठाकरे ने चेताया, "मैं मराठी मानुष से कहना चाहता हूं, अगर आप अभी टूट गए, तो आप हार जाएंगे।"
उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के नेतृत्व को लेकर किया बड़ा दावा
उद्धव ठाकरे ने दावा किया कि 'महाराष्ट्र का नेतृत्व केवल ठाकरे ही कर सकते हैं।' उन्होंने 107 शहादतों वाले महाराष्ट्र आंदोलन को याद किया, जिसका नेतृत्व उनके दादा ने किया था। उद्धव के अनुसार, उनके व राज ठाकरे के पिता भी इस आंदोलन के हिस्से थे, और इसी पृष्ठभूमि में मराठी अधिकारों हेतु शिवसेना की स्थापना हुई।
राज ठाकरे बोले- मुंबई का मेयर मराठी होगा
राज ठाकरे ने बताया कि यह वर्तमान घोषणा केवल मुंबई के लिए है, हालांकि नासिक के लिए भी जल्द ही ऐसी ही घोषणा होगी। उन्होंने कहा, "हम शरद पवार से बात कर रहे हैं। आज हम दोनों के बीच गठबंधन की घोषणा कर रहे हैं।" राज ठाकरे ने यह भी कहा, "मुंबई का मेयर एक मराठी व्यक्ति होगा और हमारी पार्टियों से ही होगा।"
20 साल पहले राज ठाकरे क्यों हुए थे अलग?
बता दें यह गठबंधन लगभग 20 साल बाद संभव हुआ। राज ठाकरे करीब 20 साल पहले (2005 में) शिवसेना से इसलिए अलग हुए क्योंकि उन्हें पार्टी में वह सम्मान और नेतृत्व की भूमिका नहीं मिली जिसकी वे अपेक्षा कर रहे थे। बालासाहेब ठाकरे के बाद पार्टी की कमान उद्धव ठाकरे के हाथों में जाती दिखी, जिससे राज खुद को नजरअंदाज महसूस करने लगे। नेतृत्व, निर्णय-प्रक्रिया और भविष्य की दिशा को लेकर मतभेद बढ़ते गए, जिसके बाद राज ठाकरे ने शिवसेना छोड़कर अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाने का फैसला किया और 2006 में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की स्थापना की।












Click it and Unblock the Notifications