महाराष्ट्र चुनाव से पहले बड़ा झटका, अजित पवार गुट के मंत्री की बेटी शरद पवार की पार्टी में हुई शामिल
Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र की महायुति सरकार के मंत्री धर्मराव बाबा आत्राम की बेटी भाग्यश्री आत्राम एनसीपी के शरद पवार गुट में शामिल हो गई हैं। अजित पवार के द्वारा बार-बार मनाए जाने के बावजूद, भाग्यश्री 12 सितंबर गुरुवार को शरद पवार की एनसीपी (एसपी) में शामिल हो चुकी है।
शरद पवार के गुट में शामिल होने के उनके फैसले से अजित पवार गुट को बड़ा झटका लगा है। खासकर तब जब उनके पिता अजित पवार के गुट में हैं और वर्तमान सरकार में मंत्री हैं। माना जा रहा है आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भाग्यश्री अपने पिता के खिलाफ चुनाव मैदान में नजर आएंगी।

भाग्यश्री आत्राम गढ़चिरौली जिले के अहेरी में आयोजित एक समारोह में आधिकारिक तौर पर एनसीपी-एसपी में शामिल हो गईं। इस कार्यक्रम में एनसीपी-एसपी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल और नेता अनिल देशमुख भी शामिल हुए।
शरद पवार गुट ज्वाइन करने के बाद क्या बोलीं भाग्यश्री
धर्मराव बाबा आत्राम वर्तमान में अहेरी सीट से विधायक हैं। भाग्यश्री आत्राम ने एनसीपी में फूट और अजित पवार के महायुति गठबंधन में शामिल होने के बाद अपने पिता के शरद पवार के साथ जाने पर भी दुख जताया। इसके साथ ही भाग्यश्री ने एनसीपी (एसपी) में शामिल होने के बाद कहा कि शरद पवार के गुट में शामिल होने का उनका कदम आभार प्रकट करने का एक तरीका है। उन्होंने याद किया कि कैसे शरद पवार ने 1991 में नक्सलियों द्वारा अपहरण किए जाने पर उनके पिता की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की थी। उस समय शरद पवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे।
जयंत पाटिल ने जताई खुशी
जयंत पाटिल ने भाग्यश्री के पार्टी में शामिल होने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने यह देखने के लिए उनकी वापसी में देरी की कि क्या वह अपने फैसले पर दृढ़ हैं। उन्होंने कहा कि भाग्यश्री अपने पिता के शरद पवार को छोड़कर अजित पवार के गुट में शामिल होने के फैसले से सहमत नहीं थीं।
महा विकास अघाड़ी गठबंधन
विपक्षी गठबंधन 'महा विकास अघाड़ी' (एमवीए), जिसमें शरद पवार की एनसीपी-एसपी, कांग्रेस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी शामिल हैं, का लक्ष्य आगामी चुनावों में सभी सीटों पर चुनाव लड़ना है। जयंत पाटिल ने विश्वास जताया कि एमवीए महाराष्ट्र में अगली सरकार बनाएगी।












Click it and Unblock the Notifications