Badlapur School Case: बदलापुर में हिंसक प्रदर्शन, कई पुलिसकर्मी घायल, 72 गिरफ्तारियां
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में दो बच्चियों के कथित यौन शोषण का मामला गर्माया हुआ है। बुधवार को भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। जिसे देखते हुए इलाके में इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में 72 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

मंगलवार को बदलापुर रेलवे स्टेशन और अन्य हिस्सों में पथराव की घटनाओं के कारण करीब 17 पुलिसकर्मी और लगभग आठ रेलवे पुलिस कर्मी घायल हो गए। कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई और स्थिति अब सामान्य बनी हुई है।
इससे पहले बदलापुर में मंगलवार को हजारों प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक को अवरुद्ध कर दिया और उस स्कूल पर धावा बोल दिया जहां कथित तौर पर पिछले हफ्ते बच्चियों के साथ घटना हुई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कर्मियों पर पथराव किया और स्कूल की इमारत में तोड़फोड़ की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने और ट्रेन आवाजाही के लिए ट्रैक साफ करने के लिए लाठियां चलाईं।
डीसीपी सुधाकर पठारे ने बुधवार को कहा कि प्रदर्शन और उसके बाद हुई हिंसा के कारण इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं। उन्होंने बताया कि स्थिति की समीक्षा के बाद सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बुधवार को बदलापुर में अधिकांश स्कूल बंद रहे।
पुलिसकर्मी हुए घायल
प्रदर्शन के दौरान दो अधिकारियों सहित कम से कम 17 पुलिस कर्मी घायल हो गए। बदलापुर में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि निषेधाज्ञा के उल्लंघन, सशस्त्र गैरकानूनी सभा, हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान सहित आरोपों में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। घायल पुलिस कर्मियों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
पथराव और अन्य अपराधों के लिए अब तक कुल 40 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य अपराधियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो समाचार क्लिपिंग की जांच की जा रही है। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के आयुक्त रविंद्र शिसवे ने बताया कि बदलापुर रेलवे स्टेशन पर हुई हिंसा के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिससे 32 गिरफ्तारियां हुई हैं।
राज्य सरकार ने क्या कहा?
राज्य सरकार ने यौन शोषण मामले की जांच में कथित कर्तव्यहीनता के लिए एक वरिष्ठ निरीक्षक सहित तीन पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने का आदेश दिया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आरती सिंह के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल के गठन की घोषणा की। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आश्वासन दिया कि स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मामले में तेजी लाया जाएगा।
कानूनी कार्यवाही
एक स्थानीय अदालत ने आरोपी की पुलिस हिरासत 26 अगस्त तक बढ़ा दी। इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम ने प्राथमिकी दर्ज करने में पुलिस की देरी की आलोचना की। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह की देरी से साक्ष्य नष्ट हो सकते हैं और जोर देकर कहा कि शिकायत को नजरअंदाज करने के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाएगा।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने प्रधानाचार्य, एक कक्षा शिक्षक और एक महिला परिचारिका को निलंबित कर दिया है। स्कूल कथित तौर पर बदलापुर के एक भाजपा नेता के करीबी रिश्तेदार का है।












Click it and Unblock the Notifications