'Youtube से सीखा पिस्टल चलाना', बाबा सिद्दीकी की हत्या को लेकर मुंबई पुलिस ने किए कई सनसनीखेज खुलासा
दिग्गज एनसीपी (अजित पवार गुट) नेता बाबा सिद्दीकी की जिस तरह से हत्या की गई, उसने पूरे महाराष्ट्र की राजनीति का पारा बढ़ा दिया है। विपक्ष जहां सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहा है तो सत्ता पक्ष ने साफ किया है कि वह इस मामले में आरोपियों को छोड़ेगी नहीं।

तीसरा सहयोगी फरार
इस घटना के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने दो संदिग्ध हमलावरों को गिरफ्तार किया, जिनके नाम गुरमैल सिंह और धर्मराज कश्यप ह। आरोप है कि इन दोनों ने ही बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि इनका तीसरा सहयोगी फिलहाल फरार है।
अलग-अलग टीमों का गठन
मुंबई पुलिस ने कुल चार आरोपियों को बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। इन सभी की धरपकड़ के लिए मुंबई पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया है, जोकि लगातार अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं।
पिस्टल बरामद
इस पूरे मामले की जांच मुंबई की क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि उसने एक काला बैग बरामद किया है जिसमे 7.62 एमएम की गन पाई गई है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को बाबा सिद्दीकी की फोटो पहचान के लिए दी गई थी। शूटर्स ने घटना से 25 दिन पहले बाबा सिद्दीकी के घर और ऑफिस की रेकी की।
मुंबई में की प्रैक्टिस
पुलिस ने दावा किया है कि गुरमैल सिंह और धर्मराज कश्यप ने घटना को अंजाम देने से पहले यूट्यूब पर शूटिंग सीखी और बिना मैग्जीन के ही गन से मुंबई में प्रैक्टिस की थी। क्राइम ब्रांच ने चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जिसकी पहचान 23 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। उसका नाम हरीश कुमार है, उसे पुलिस ने यूपी के बहराइच से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि हरीश ने ही शूटर्स को वित्तीय मदद की थी और इस हाई-प्रोफाइल मर्डर में बाकी की मदद मुहैया कराई थी।
पुणे का स्क्रैप डीलर मास्टरमाइंड
पुलिस का कहना है कि हरीश कुमार पुणे में स्क्रैप डीलर का काम करता था। वह इस हत्या की साजिश में शामिल था। तीन में से दो आरोपी धर्मराज और शिवप्रसाद गौतम बालकराम की स्क्रैप की दुकान में ही काम करते थे।
मुंबई क्राइम ब्रांच के अनुसार बाबा सिद्दीकी की हत्या की पूरी साजिश पुणे में रची गई थी। मुंबई पुलिस ने अभी तक 15 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। जिसमे कई चश्मदीद भी शामिल हैं, जोकि घटना के वक्त मौके पर मौजूद थे।
बता दें कि बाबा सिद्दीकी पर बीते शनिवार को तीन हमलवारों ने धावा बोल दिया था। बाबा सिद्दीकी जब अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस से बाहर निकलकर कार में बैठ रहे थे, इसी दौरान इन लोगों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी, जिसमे से दो गोली बाबा सिद्दीकी के सीने में लगी और उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications