अनिल देशमुख ने कहा- रिटायर्ड जज करेंगे परमबीर द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच, अब तो सच सामने आ ही जाएगा
अनिल देशमुख ने कहा- रिटायर्ड जज करेंगे परमबीर द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच, अब तो सच सामने आ ही जाएगा
मुंबई: मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर 100 करोड़ की वसूली के आरोप के बाद महा विकास अघाड़ी सरकार में अंदरूनी खटपट नजर आने लगी है। एक और जहां शिवसेना ने 'सामना' में अनिल देशमुख पर सवाल उठाए हैं तो वहीं राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने फैसला लिया है कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज अनिल देशमुख पर लगे भ्रष्ट्राचार के आरोपों की जांच करेंगे। अनिल देशमुख ने कुछ दिनों पहले ही इस बात की जानकारी दी थी कि उन्होंने सीएम ठाकरे से अपने ऊपर लगे आरोपों की जांच के लिए मांग की है। रविवार (28 मार्च) को मीडिया से बात करते हुए अनिल देशमुख ने कहा है कि अब सच सामने आ जाएगा। मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने दावा किया है कि अनिल देशमुख एंटीलिया केस में गिरफ्तार सचिन वाजे को हर महीने 100 करोड़ रुपये वसूली का टारगेट देते थे।

अनिल देशमुख ने अपने ऊपर हो रहे जांच पर क्या कहा?
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा, ''जो आरोप मुझ पर पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर ने लगाए थे, मैंने उसकी जांच कराने की मांग की थी। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और राज्य शासन ने मुझ पर लगे आरोपों की जांच उच्च न्यायालय के रिटायर्ड जज के द्वारा कराने का निर्णय लिया है। जो भी सच है अब वह सामने आ जाएगा।''
Recommended Video

अनिल देशमुख ने पत्र लिखकर की थी जांच की मांग
अनिल देशमुख ने 24 मार्च 2021 को ट्विटर के जरिए ये जानकारी दी थी कि उन्होंने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखा है। इस पत्र को अनिल देशमुख ने ट्विटर पर शेयर भी किया था। इस पत्र में अनिल देशमुख ने लिखा था, "मैंने सीएम ठाकरे से कहा है कि वह मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा मेरे खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के लिए टीम गठित करें। और सच को जल्द से जल्द सामने लाए। अगर सीएम उद्धव ठाकरे इस केस की जांच करवाते हैं तो मैं इसका स्वागत करूंगा। सत्यमेव जयते''

संजय राउत ने अनिल देशमुख को बताया 'ऐक्सिडेंटल' होम मिनिस्टर
शिवसेना प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने ''सामना'' में अनिल देशमुख को 'ऐक्सिडेंटल' होम मिनिस्टर बताया है। संजय राउत ने एनसीपी नेता अनिल देशमुख को नसीहत देते हुए कहा है कि अनिल देशमुख ने बिना किसी बात के वरिष्ठ अधिकारियों से पंगा नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री को कम से कम बोलना चाहिए। कैमरे के सामने जाकर जांच के आदेश देना उचित नहीं है। गृह मंत्री को सौ सुनार की एक लोहार के जैसे बर्ताव करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications