Amit Shah in Pune: उद्धव ठाकरे को कुछ यूं शाह ने लिया आड़े हाथ, कहा- 'औरंगजेब फैन क्लब' का कर रहे हैं नेतृत्व
Maharashtra News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार 21 जुलाई को महाराष्ट्र के पुणे पहुंचे। यहां आयोजित भाजपा के राज्य सम्मेलन कार्यक्रम में बोलते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) को आड़े हाथों लिया। शाह ने इसे 'औरंगजेब फैन क्लब' करार देते हुए उद्धव ठाकरे को इस क्लब का नेता बताया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 26/11 आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब को 'बिरयानी परोसने' वालों के साथ गठबंधन करने के लिए उद्धव ठाकरे पर हमला बोला। इस दौरान शाह ने उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो उन लोगों के साथ बैठे हैं जो 1993 के मुंबई सीरियल बम धमाकों के दोषी याकूब मेमन के लिए क्षमादान की मांग कर रहे थे।

शाह ने कहा, 'औरंगजेब फैन क्लब में कौन शामिल हैं? जो कसाब को बिरयानी खिलाते हैं, जो याकूब मेमन के लिए क्षमादान मांगते हैं, जो (विवादास्पद इस्लामी उपदेशक) जाकिर नाइक को शांति दूत पुरस्कार देते हैं और जो (प्रतिबंधित इस्लामी संगठन) पीएफआई का समर्थन करते हैं। उद्धव ठाकरे को इन लोगों के साथ बैठने में शर्म आनी चाहिए।"
शरद पवार पर भी साधा निशाना
पुणे में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्षी दिग्गज और एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार को भी नहीं बख्शा। शाह ने उन्हें 'करप्शन के किंगपिन' कहा। उन्होंने कहा, 'वे गलतफहमियां फैलाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। वे भ्रष्टाचार की बात करते हैं, लेकिन भारतीय राजनीति में भ्रष्टाचार के सबसे बड़े नेता शरद पवार हैं।'
राहुल गांधी पर बोला हमला
शाह ने कहा कि जब मैं यह कहता हूं तो मुझे कोई भ्रम नहीं होता। शरद पवार ने इस देश की कई सरकारों में भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाया। इस दौरान शाह ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस नेता का अहंकार परास्त हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications