Maharashtra: अमित शाह ने किया छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित थीम पार्क का उद्घाटन
अमित शाह ने पुणे में छत्रपति शिवजी महाराज पर आधारित थीम पार्क का उद्घाटन किया। आज शिवजी महाराज की जयंती है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के दौरे पर हैं, जहां वो रविवार को पुणे में शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित थीम पार्क शिव सृष्टि (Shiv Srishti) के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उनके साथ महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे। गृहमंत्री ने शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें नमन किया। साथ ही कहा कि शिवसृष्टि थीम पार्क के लोकार्पण के लिए इससे अच्छा दिन कोई हो ही नहीं सकता। मैं छत्रपति शिवाजी महाराज को देश, धर्म और स्वराज में उनके योगदान के लिए सलाम करता हूं।
दरअसल स्वर्गीय शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे ने इस पार्क को बनवाने के बारे में सोचा था। इसके बाद इस पर काम शुरू हुआ और इसमें तकनीकी का भी सहारा लिया गया। इस पार्क में मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को 3डी तकनीकी के जरिए लोगों को दिखाया जाएगा। इसमें शिवाजी महाराज द्वारा बनवाए गए किलो, इमारतों आदि की भी जानकारी दी जाएगी। उद्घाटन के बाद गृहमंत्री ने पार्क का निरीक्षण कर उसकी तारीफ की।
वहीं कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि एक विचारधारा थे क्योंकि उनकी प्रेरक जीवन कहानी ने पीढ़ियों को अपनी भाषा और धर्म को सिखाया। ये थीम पार्क ना केवल छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रेरक जीवन गाथा को चित्रित करेगा बल्कि उनके जीवन के सबक और शिक्षाओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि ये छत्रपति शिवाजी महाराज पर अपने कार्यों के लिए जाने जाने वाले लेखक और कवि बाबासाहेब पुरंदरे के सपनों को साकार करने में भी मदद करेगा।
गृहमंत्री ने कहा कि थीम पार्क में होलोग्राफी, प्रोजेक्ट मैपिंग, मिनिएचर मोशन सिमुलेशन, 3डी-4डी तकनीक, प्रकाश और ध्वनि तकनीक की सुविधा होगी। ये सब इतिहास को पुनर्जीवित करेगा और ना केवल महाराष्ट्र के लोगों बल्कि पूरे देश को प्रेरित करेगा।












Click it and Unblock the Notifications