महाविकास अघाड़ी के भविष्य को लेकर अजीत पवार का बड़ा बयान
महाविकास अघाड़ी के भविष्य को लेकर अजीत पवार ने कहा कि हम साथ में मिलकर अगला लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा-शिवसेना गठबंधन को निसंदेह हराएंगे।

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नेता अजीत पवार ने महाविकास अघाड़ी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का अगला विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव महाविकास अघाड़ी मिलकर चुनाव लड़ेगी और भाजपा-शिवसेना गठबंधन को हराएगी।
बता दें कि महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) है। पत्रकारों से बात करते हुए पवार ने कहा कि महाविकास अघाड़ी के हमारे शीर्ष नेताओं ने मन बना लिया है कि वह अगला लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगे।
अजीत पवार ने कहा कि कौन सा उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा यह उसकी योग्यता पर तय होगा और सभी दल अपने दल से हटकर इसी आधार पर चुनाव लड़ेंगे। किसी भी हालत में महाविकास अघाड़ी के नेताओं को साथ बैठना होगा और अपनी पार्टी से इतर उम्मीदवार की योग्यता के आधार पर उसका चयन करना होगा। सभी दल मिलकर साथ इसपर चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे।
महाविकास अघाड़ी की महत्ता के बारे में बात करते हुए अजीत पवार ने कहा कि यह सत्य है कि महाविकास अघाड़ी में शामिल दल अकेले चुनाव लड़कर जीत नहीं सकते हैं। लिहाजा भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के गठबंधन को हराने के लिए हमे साथ आना होगा और आपसी मतभेद को भुलाकर चुनाव लड़ना होगा।
पवार ने कहा कि अगर हमे मौजूदा शिवसेना और भाजपा गठबंधन को हराना है तो हमे साथ मिलकर, आपसी मतभेद भुलाकर चुनाव लड़ना होगा, हम निसंदेह चुनाव में जीत दर्ज करेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव अगले साल साथ में होंगे।












Click it and Unblock the Notifications