अजित पवार के विमान का बारामती में जहां हुआ हादसा, वहां पर पहले भी हो चुके प्लेन क्रैश, क्या ये है बड़ी वजह?
Baramati airport safety facilities: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का प्राइवेट विमान बारामती एयरपोर्ट पर 28 जनवरी 2026 को लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। लैडिंग के समय जमीन से टकराते ही आग के गोले में तब्दील हुए विमान में सवार अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई। बारामती के जिस जगह यह हादसा हुआ, वह पहले से ही विमान दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात रही है।
पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर हुए इस हादसे के बाद जो खुलासा किया वो वाकई चिंताजनक है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके लिए यह दृश्य नया नहीं था, क्योंकि यह एयरपोर्ट पहले भी कई बार विमान दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे के चश्मदीदों के मुताबिक, जब विमान बारामती एयरपोर्ट के आसपास चक्कर लगा रहा था, तो किसी को कोई शक नहीं हुआ उन्हें लगा फिर कोई ट्रेनिंग प्लेन गिरा है'! एक स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, "हमें तब पता नहीं था कि इसमें अजित दादा सवार हैं, क्योंकि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां पहले भी कई प्लेन गिरे हैं।"
ट्रेनिंग के लिए बना था ये बारामती एयरपोर्ट
बारामती एयरपोर्ट का निर्माण वर्ष 1996 में विशेष रूप से विमानन प्रशिक्षण के उद्देश्य से किया गया था। ऑपरेशनल होने के बाद से ही यहां नियमित रूप से प्रशिक्षण उड़ानें संचालित होती रही हैं। यही वजह है कि इस छोटे एयरपोर्ट पर अब तक कई विमान दुर्घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं। इन हादसों में कुछ मामूली घटनाएं रहीं, जबकि कई बार विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए और पायलट घायल हुए। ज़्यादातर मामलों में दुर्घटनाओं की वजह प्रशिक्षण उड़ानों के दौरान ट्रेनी पायलटों की सीमित उड़ान अनुभव से जुड़ी रही है।
दो प्रमुख फ्लाइंग अकादमियां हैं, जिसके लिए ये यूज होता है
- बारामती एयरपोर्ट पर मुख्य रूप से दो फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमियाँ संचालित होती हैं-
- एकेडमी ऑफ कार्वर एविएशन (Academy of Carver Aviation)
- रेड बर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी (Red Bird Flight Training Academy)
- यहाँ क्रैश हुए अधिकतर विमान इन्हीं अकादमियों से जुड़े रहे हैं, जो भावी पायलटों को उड़ान का प्रशिक्षण देती हैं।
बारामती एयरपोर्ट पर हो चुके हैं ये हादसे
बारामती में हुआ यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि वर्षों से चले आ रहे उन खतरों की याद दिलाता है, जो प्रशिक्षण उड़ानों के साथ इस एयरपोर्ट पर मंडराते रहे हैं।
- 14 मार्च 2008: एकेडमी ऑफ कार्वर एविएशन का सेस्ना-152 विमान क्रैश हुआ। विमान में एक पायलट और एक ट्रेनी छात्र सवार थे, जिन्हें मामूली चोटें आईं।
- 29 जून 2013: कार्वर एविएशन का ही एक सेस्ना-172 प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस हादसे में भी ट्रेनी पायलट को हल्की चोटें लगीं।
- 5 फरवरी 2019: एक और प्रशिक्षण उड़ान के दौरान विमान क्रैश हुआ, जिसमें ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया और विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ। यह हादसा सबसे गंभीर घटनाओं में गिना जाता है।
- 22 अक्टूबर 2023: रेड बर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी का विमान क्रैश हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में पायलट को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
बारामती एयरपोर्ट और सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
अजित पवार के विमान हादसे ने एक बार फिर बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षण उड़ानों के जोखिम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसे इस एयरपोर्ट की पहचान बनते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा किया जा रहा है कि ट्रेनिंग विमानों के लिए बने एयरपोर्ट में सुरक्षित लैंडिंग के समय हादसे होते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications