Ajit Pawar Funeral: पंचतत्व में विलीन हुए अजित पवार, बेटे पार्थ ने दी पिता को मुखाग्नि, उमड़ा जनसैलाब
Ajit Pawar Funeral: महाराष्ट्र की राजनीति का एक बड़ा अध्याय हमेशा के लिए बंद हो चुका है। डिप्टी सीएम अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। उनके बड़े बेटे पार्थ पवार ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी।
इस दुखद अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत देश के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे।

66 वर्षीय पवार का कल मुंबई से बारामती जाते समय एक चार्टर्ड विमान हादसे में दुखद निधन हो गया था। उनके पीछे उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और दो बेटे पार्थ और जय पवार हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने उनकी याद में राज्य में एक दिन के सार्वजनिक अवकाश और तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।
रितेश देशमुख ने 'दादा' को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख बारामती पहुंचे और दिवंगत नेता अजित पवार को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। रितेश ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें अंतिम नमन किया। राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सिनेमा जगत में भी इस हादसे को लेकर शोक की लहर है।
सहकर्मी को विदा करते समय भावुक हुए एकनाथ शिंदे
डिप्टी एकनाथ शिंदे ने अपने सहकर्मी और मित्र अजित पवार को अंतिम विदाई दी। शिंदे उन हजारों समर्थकों के बीच शामिल हुए जो अपने नेता की एक झलक पाने के लिए सुबह से कतारों में खड़े थे। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र ने एक बेहद मेहनती और जमीन से जुड़ा नेता खो दिया है।
अमित शाह ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विद्या प्रतिष्ठान मैदान पहुंचकर अजित पवार को पुष्प अर्पित किए। जैसे ही शाह ने श्रद्धांजलि दी, पूरा मैदान 'अजित दादा अमर रहे' के नारों से गूँज उठा। वहां मौजूद हजारों लोगों का हुजूम अपने नेता की विदाई पर बिलखता नजर आया।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी दी विदाई
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी बारामती पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया और पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने अजित पवार को एक ऐसा नेता बताया जिन्होंने प्रशासन और सहकारी क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है।
ड्रोन फुटेज में दिखा समर्थकों का सैलाब
विद्या प्रतिष्ठान मैदान से सामने आए ड्रोन वीडियो में देखा जा सकता है कि बारामती में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी, क्योंकि लोग अपने चहेते 'दादा' को अंतिम बार देखने के लिए दूर-दराज के गांवों से पहुंचे थे। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
बदहवास दिखीं पत्नी सुनेत्रा पवार
अंतिम संस्कार के दौरान अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार अत्यंत भावुक और बदहवास नजर आईं। परिवार के सदस्यों और समर्थकों ने उन्हें ढांढस बंधाया। यह क्षण पूरे पवार परिवार और वहां मौजूद हजारों लोगों के लिए हृदयविदारक था।
कैसे हुआ ये विमान हादसा?
गौरतलब है कि यह हादसा बुधवार को तब हुआ जब लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश हो गया। इस विमान में सवार अजित पवार समेत कुल 5 लोगों-पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव-की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय की संस्था AAIB विस्तृत जांच कर रही है, जबकि स्थानीय पुलिस ने ADR (आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट) दर्ज कर ली है। जांच इस बात पर टिकी है कि लैंडिंग के उन आखिरी पलों में क्या विमान में कोई तकनीकी खराबी आई थी या मौसम ने धोखा दिया।












Click it and Unblock the Notifications